देश भर में लॉ यूनिवर्सिटीज में दाखिले के लिए होने वाले कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) 2015 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 14 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। यह फैसला सोमवार को क्लैट की कोर कमेटी की आपात बैठक में लिया गया।
क्लैट में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख मंगलवार को खत्म हो रही थी। क्लैट का आयोजन कर रही डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता प्रो. एपी सिंह ने बताया कि क्लैट में ऑनलाइन पंजीकरण करवाने वाले करीब 20 हजार स्टूडेंट अभी आवेदन शुल्क नहीं जमा कर पाए हैं।
इधर लगातार बैंक की छुट्टियां भी चल रहीं हैं, ऐसे में हमने स्टूडेंट्स को और समय देने का फैसला किया है। क्लैट में अभी तक कुल 60 हजार ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है और इसमें से 40 हजार अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर चुके हैं।
इस बार क्लैट में आवेदन से लेकर एग्जाम तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। ऑनलाइन एग्जाम 12 मई को आयोजित किया जाएगा।