फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेधावी छात्रों को झटका, अभी नहीं मिलेंगे लैपटॉप

Sun, 28 Feb 2016 09:05 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं और जमा दो कक्षा की मेरिट में शामिल दस हजार मेधावी विद्यार्थियों को 15 अप्रैल हिमाचल दिवस पर लैपटॉप नहीं मिलेंगे। शिक्षा निदेशालय की देरी के चलते लैपटॉप आवंटन मई महीने तक लटक गया है।
विज्ञापन


हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रानिक डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से शिक्षा निदेशालय ने लैपटॉप खरीद के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। 11 मार्च को टेंडर बिड खुलेगी। टेंडर नोटिस में चयनित होने वाली कंपनी को छह हफ्ते में लैपटॉप सप्लाई देने के निर्देश दिए गए हैं।

इस प्रक्रिया को किसी भी सूरत में हिमाचल दिवस पर पूरा नहीं किया जा सकता। ऐसे में संभावित है कि मई महीने में ही लैपटॉप वितरण हो सकेगा। शिक्षा निदेशालय ने लैपटॉप देने में एक साल की देरी कर दी है।
विज्ञापन


शैक्षणिक सत्र 2014-15 में प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की मेरिट लिस्ट में शुमार दसवीं और जमा दो कक्षाओं के पांच-पांच हजार मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप देकर सम्मानित किया जाना है। बीते नवंबर महीने में शिक्षा निदेशालय ने 25 जनवरी पूर्ण राज्यत्व दिवस को लैपटॉप देने की बात कही थी।

जनवरी में तारीख को 15 अप्रैल तक सरका दिया लेकिन अब मामला मई महीने तक लटक गया है। पूर्व भाजपा सरकार ने स्कूल शिक्षा बोर्ड के 4000 मेधावी बच्चों को नेटबुक बांटे थे।

व्यस्त रहे अफसर, शनिवार को नहीं हो सकी प्री बिड मीटिंग
मेधावी विद्यार्थियों के लिए लैपटॉप खरीद के लिए शनिवार को उच्च शिक्षा निदेशालय में प्री बिड मीटिंग बुलाई गई थी। अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान को मीटिंग की अध्यक्षता करनी थी। इस दौरान टेंडर के लिए आवेदन करने वाले कंपनियों के सवालों के जवाब दिए जाने थे।

लेकिन अतिरिक्त मुख्य सचिव व्यवस्तता के चलते बैठक में नहीं आए। अब 29 फरवरी को बैठक होगी। निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी ने शनिवार की बैठक के स्थगित होने की पुष्टि की है।

7500 को मिले थे लैपटॉप
शैक्षणिक सत्र 2013-14 के लिए राज्य सरकार ने 7500 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए थे। दसवीं कक्षा के 3750, जमा दो आर्ट्स के 1903, कॉमर्स के 607, साइंस के 1217 और वोकेशनल के 23 विद्यार्थियों को लैपटॉप बांटे गए थे।

स्कूल शिक्षा बोर्ड करेगा सूचित
लैपटॉप वितरण के लिए चुने जाने वाले मेधावी विद्यार्थियों को उनके चयन की सूचना स्कूल शिक्षा बोर्ड देगा। मेरिट लिस्ट से टॉप पांच-पांच हजार बच्चों का चयन किया जाएगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें