हर सूचना ई-मेल से छात्रों तक पहुंचाने के प्रदेश विवि के दावे हवा हो गए हैं। बीते सत्र में रूसा लागू करते वक्त एचपीयू ने दावा किया था कि रूसा में परीक्षा से संबंधित हर प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। छात्रों को प्रथम सेमेस्टर का परीक्षा फार्म भरने पर उनकी ई-मेल आईडी पर परीक्षा से संबंधित हर जानकारी मुहैया करवाई जाएगी। पहले सत्र के परीक्षा फार्म भरने के बाद अब डेटशीट से लेकर दोबारा परीक्षा फार्म भरने की जानकारी छात्रों को कॉलेज और मीडिया के माध्यम से ही दी जा रही है।
हालांकि, विवि के पास हर छात्र का ई-मेल आईडी है। विवि ने परीक्षा फार्म भरने की तिथि से लेकर डेटशीट और परिणाम तक की जानकारी छात्र की ई-मेल पर उपलब्ध करवाने की बात कही थी। सितंबर में नौ माह बाद विवि ने परीक्षा परिणाम तो घोषित किया, मगर इसे सिर्फ अपनी वेबसाइट पर ही उपलब्ध करवाया गया। छात्रों की ई-मेल पर कोई जानकारी नहीं दी गई। ऐसे में रेगुलर और प्राइवेट छात्रों को हर जानकारी के लिए साइबर कैफे में पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।