जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव का काउंट डाउन शुरू हो गया है। चुनाव आयोग ने 12 सितंबर को आयोजित होने वाले मतदान के लिए 13 बूथ तैयार किए हैं, जिसमें आठ हजार से अधिक मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।
मतदान से पहले प्रेसीडेंट डिबेट के दौरान दर्शक दीर्घा में किसी मिर्ची पाउडर स्प्रे करने से लगभग आधा दर्जन छात्र आंखों में जलन के चलते परेशान हुए।
देखिए, लाल दुर्ग में 'नाइट कल्चर' की चुनिंदा तस्वीरें
जेएनयू कैंपस में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों के दौरान चुनाव प्रचार की आखिरी रात बुधवार रात को प्रेसीडेंट डिबेट थी। इसमें सभी संगठनों के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों को अपनी बात रखनी थी। डिबेट के दौरान मंच पर प्रत्याशी अपने मुद्दे गिना रहे थे कि इसी बीच किसी ने मतदाताओं के बीच मिर्ची पाउडर स्प्रे चला दिया।
इससे करीब आधा दर्जन छात्रों के चेहरे और आंखों में जलन व सूजन होने लगी, जिन्हें प्रारंभिक उपचार दिलवाया गया। मिर्ची पाउडर स्प्रे किसने चलाया, अंधेरे के चलते किसने उसका पता नहीं चल सका। घटना के कारण कुछ देर के लिए डिबेट को रोकना पड़ा।
लेफ्ट प्रोग्रेसिव एलाइंस की अध्यक्ष पद की दावेदार राहिला प्रवीण ने कहा कि डिबेट के दौरान इस तरह की यह पहली घटना है। कैंपस अपने साफ-सुथरी छवि के लिए जाना जाता है, जहां छात्र-छात्राएं रातभर डिबेट में हिस्सा लेती हैं।
सुबह 9:30 बजे से मतदान, दो चरणों में चलेगी प्रक्रिया
चुनाव आयुक्त दिलीप कुमार मौर्या के मुताबिक, कैंपस में शुक्रवार को होने वाले छात्रसंघ चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुल 13 बूथ बनाए गए हैं, जिसमें बैलेट पेपर के जरिए मतदाता वोट देंगे। सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 और 2:30 से 5:30 बजे तक मतदान प्रक्रिया चलेगी। इसमें नोटा समेत नेत्रहीन छात्रों के डिजिटल वोटिंग की सुविधा होगी। उसी दिन रात 9 बजे से मतगणना भी शुरू हो जाएगी।