इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) मेंस में उत्तराखंड के छात्रों को ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के लिए दो केंद्रों पर केवल एक ही दिन मिलेगा।
जबकि दून में केवल ऑनलाइन परीक्षा होने के कारण ऑफलाइन के लिए छात्रों को हरिद्वार व रुड़की के चक्कर काटने पड़ेंगे। सीबीएसई की ओर से जेईई मेंस ऑफलाइन परीक्षा चार अप्रैल 2015 को और ऑनलाइन परीक्षा 10 और 11 अप्रैल को आयोजित होने जा रही है।
उत्तराखंड में इसके लिए पांच केंद्र बनाए गए हैं। हल्द्वानी, हरिद्वार, पंतनगर और रुड़की में ऑफलाइन व ऑनलाइन परीक्षा आयोजित होगी जबकि राजधानी देहरादून में केवल ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन होगा। सीबीएसई के मुताबिक हल्द्वानी और पंतनगर में ऑनलाइन परीक्षा केवल 11 अप्रैल को ही कराई जाएगी।
छात्रों की संख्या काफी कम होने के कारण दस अप्रैल को यहां परीक्षा नहीं होगी। जेईई मेंस के एडमिट कार्ड उपलब्ध हो चुके हैं। देहरादून के ऑफलाइन परीक्षा देने वाले छात्रों को रुड़की और हरिद्वार के परीक्षा केंद्र अलॉट किए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों के लिहाज से दून के छात्रों को परेशानी हो सकती है। हरिद्वार और रुड़की में कई केंद्र काफी दूर हैं, ऐसे में सही समय पर केंद्र पर पहुंचाना चुनौती होगा।
- मनु पंत, सीईओ, अचीवर्ज क्लासेज