इंजीनियरिंग महामुकाबले जेईई मेंस 2014 ऑफलाइन देने वाले अभ्यर्थियों को सीबीएसई ने सुविधा दी है। बोर्ड ने तीन सर्कुलर जारी करते हुए बताया है कि अभ्यर्थी 25 अप्रैल से ओएमआर आंसर शीट की स्कैन कापी देख सकते हैं।
छात्र कर सकते हैं बोर्ड को चैलेंज
यदि उनके द्वारा भरी गई ओएमआर में कोई अंतर नजर आता है तो छात्र बोर्ड को चैलेंज कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को एक हजार रुपए खर्च करने होंगे।
सीबीएसई ने छह अप्रैल को ऑफलाइन जेईई मेंस परीक्षा आयोजित कराई थी। गुरुवार को बोर्ड ने सर्कुलर जारी करते हुए बताया है कि 25 अप्रैल से 28 अप्रैल तक सभी छात्रों की ओएमआर शीट बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
छात्र अपनी ओएमआर से मिलान के बाद 28 अप्रैल को दोपहर दो बजे तक गलती पर बोर्ड को ऑनलाइन चैलेंज कर सकते हैं। इसका शुल्क एक हजार रुपए होगा, जो ऑनलाइन जमा किया जाएगा।
बोर्ड का कहना है कि चैलेंज सही हुआ तो पूरी फीस वापस हो जाएगी। गलत चुनौती पर रकम नहीं लौटाई जाएगी। बोर्ड ने साफ किया कि ऑनलाइन परीक्षार्थियों को यह सुविधा पहले ही दी जा चुकी है, इसलिए उनका चैलेंज स्वीकार नहीं किया जाएगा।
त्रुटिसुधार का आखिरी मौका
सीबीएसई ने जेईई मेंस के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को त्रुटिसुधार का भी आखिरी मौका दिया है। अभ्यर्थी 24 अप्रैल से 28 अप्रैल के बीच अपने आवेदन पत्र में ऑनलाइन त्रुटिसुधार कर सकते हैं।
छात्र अपनी कैटेगरी और स्टेट ऑफ इलिजिबिलिटी में परिवर्तन कर सकेंगे। इसके लिए छात्रों को बोर्ड की वेबसाइट पर लॉगइन करना होगा।
छात्र के नाम, माता-पिता के नाम और जन्मतिथि में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा। बोर्ड ने यह भी सुविधा दी है कि जिन छात्रों ने अब तक अपने 12वीं के रोल नंबर अपडेट नहीं किए हैं या गलत अपडेट कर दिए थे वे दोबारा अपडेट करवा सकते हैं।
इसके लिए 12वीं के प्रवेशपत्र की एक स्कैन कॉपी बोर्ड की ईमेल आईडी पर भेजनी होगी।
मई में आने वाले जेईई मेंस रिजल्ट और जेईई एडवांस परीक्षा के मद्देनजर बोर्ड ने यह अच्छी सुविधा दी है। हालांकि इसमें कम समय है, लेकिन छात्रों को शुक्रवार से ही अपनी ओएमआर देखकर चेक करनी होगी ताकि सही वक्त तक इसका हल निकलवा सकें।
- मनु पंत, सीईओ, अचीवर्ज क्लासेज
यहां करें एडमिट कार्ड ईमेल : jeemain@nic.in
इस वेबसाइट पर देखें ओएमआर : www.jeemain.nic.in, www.cbse.nic.in