केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से पिछले माह देश भर के इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले के लिए गए ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेन का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया।
ट्राइसिटी के ढाई हजार से अधिक विद्यार्थियों ने आईआईटी में दाखिले के लिए पहला पड़ाव पार कर लिया है और वे देश के 13 आईआईटी में दाखिले के लिए 25 मई को होने वाले जेईई (एडवांस्ड) मेें बैठेंगे। ट्राइसिटी में सेक्टर-49 निवासी हार्दिक वर्मा 360 में से 345 अंक लेकर टॉप स्कोरर रहे।
पिछले साल ट्राइसिटी के टॉप स्कोरर अभिजीत के 331 मार्क्स थे। कजाकिस्तान में इस साल होने वाले फिजिक्स के इंटरनेशनल ओलंपियाड के लिए देश भर से चयनित हुए पांच विद्यार्थियों में से एक गुरकीरत सिंह बाजवा ने 336 अंक लेकर ट्राइसिटी में दूसरा स्थान हासिल किया है, जबकि 335 अंक लेकर आर्यन गर्ग तीसरे स्थान पर रहे हैं। जेईई (मेन) में देश भर में कुल 13.57 लाख विद्यार्थियों में से 1.50 लाख को सफल घोषित किया गया है।