आईआईटी में दाखिले को होने वाली जेईई एडवांस परीक्षा की कुछ तिथियां आईआईटी बांबे ने बदल दी हैं। इसकी सूचना जेईई एडवांस की वेबसाइट पर अपडेट कर दी गई हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वह आवेदन से पहले नए बदलाव जरूर देख लें।
जेईई एडवांस परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण दो से सात मई के बीच होगा। अब एडमिट कार्ड नौ से 12 मई के बजाय 11 से 14 मई के बीच उपलब्ध होंगे। एडमिट कार्ड में गलती सुधार भी इसी दौरान हो सकेगा। 24 मई को परीक्षा होने के बाद ऑप्टिकल रिस्पांस शीट(ओआरएस) वेबसाइट पर तीन से पांच जून के बजाय तीन से छह जून के बीच उपलब्ध होगी।
आठ से 11 जून के बीच ओआरएस पर फीडबैक लिया जाएगा। इस पर विचार करने के बाद 13 जून को नई ओआरएस जारी कर दी जाएगी। आईआईटी ने परीक्षा में क्वालीफाई होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग की तिथि भी 26-30 जून के बजाय बदलकर 25-29 जून कर दी है।
इस बार मॉक सीट एलोकेशन भी 28 जून को होगा। प्रथम चरण का सीट आवंटन दो जुलाई के बजाय एक को ही कर दिया जाएगा। इस पर दाखिले 2-8 जून के बजाय 2-6 जून के बीच होंगे। द्वितीय राउंड का सीट आवंटन 10 जुलाई के बजाय सात जुलाई को कर दिया जाएगा।
इन सीटों पर दाखिले 11-15 जुलाई के बजाय 8-11 जुलाई के बीच होंगे। तृतीय चरण का सीट आवंटन 12 जुलाई को और इस पर दाखिले 13-15 जुलाई को होंगे। आईआईटी और आईएसएम धनबाद में 16 जुलाई से सत्र शुरू हो जाएगा। बता दें जेईई एडवांस के लिए केवल वही अभ्यर्थी पंजीकरण करा सकते हैं, जिन्होंने जेईई मेंस से शीर्ष 1.5 लाख में जगह बनाई होगी।
बलूनी क्लासेज के एमडी विपिन बलूनी के मुताबिक जो अभ्यर्थी 27 अप्रैल को जेईई मेंस से एडवांस के लिए क्वालीफाई कर लेंगे, वह इस अपडेट वर्जन को जरूर पढ़ लें।