आईआईटी में एडमिशन के लिए हुए ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई-एडवांस) की आंसर-की रविवार को जारी की जाएगी।
इसके साथ ही छात्र अपने स्कोर का आकलन कर सकते हैं कि उनके लिए आईआईटी का दरवाजा खुलेगा या नहीं। 25 मई को आयोजित की गई जेईई-एडवांस के छात्रों के लिए इस बार आंसर-की को चैलेंज करने की व्यवस्था भी की गई है।
जेईई-एडवांस की अधिसूचना के मुताबिक छात्र 5 जून तक आंसर-की पर अपने कमेंट्स दे सकते हैं। किसी भी तरह के संशोधन के लिए छात्रों को chairjee@adm.iitkgp.ernet.in पर अपनी प्रतिक्रिया देनी होगी।
छात्रों से मिलने वाले सभी कमेंट्स पर आईआईटी कमेटी अपना निर्णय लेगी। इसके आधार पर आंसर-की में होने वाले अपडेट 6 जून को वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इस प्रक्रिया के बाद 8 जून को छात्रों की ऑप्टिकल रेस्पॉन्स शीट (ओआरएस) और रिकॉर्डेड रेस्पॉन्स जारी किए जाएंगे।
पेपर-1 और पेपर-2 में शामिल होने वाले छात्रों की ओआरएस ही ऑनलाइन जारी की जाएगी। इसके लिए छात्रों को 15 जून तक का समय मिलेगा।
सभी प्रतिक्रियाओं को संशोधन के बाद 19 जून को रिजल्ट जारी किया जाएगा, जिसमें जेईई-एडवांस के रैंक कार्ड छात्रों को अलग से नहीं भेजे जाएंगे। 20 जून से च्वॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
ऐसी होगी कॉमन मेरिट लिस्ट
छात्रों की परफॉर्मेंस पर कॉमन मेरिट लिस्ट (सीएमएल) जारी की जाएगी। इसके लिए हर विषय में 10 फीसदी कटऑफ और एग्रीगेट में 35 फीसदी कटऑफ निर्धारित है। ओबीसी, एससी, एसटी की भी अलग लिस्ट जारी की जाएगी। मेरिट सभी आईआईटी सीटों पर ही जारी की जाएगी।