आईपीयू में एमबीबीएस की काउंसलिंग की शुरुआत मंगलवार से हो गई। काउंसलिंग को लेकर छात्रों के बीच काफी असमंजस की स्थिति देखने को मिली। छात्रों का कहना है उन्हें काउंसलिंग के नए शेड्यूल की जानकारी नहीं दी गई। वहीं, इस मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए मंगलवार को फैसला सुरक्षित रख लिया है।
आईपीयू प्रवक्ता का कहना है कि काउंसलिंग के लिए क्वालिफाई करने वाले छात्रों को एसएमएस के जरिए सूचना भेजी गई थी, जबकि काफी छात्रों का आरोप है कि उन्हें इस तरह की कोई सूचना नहीं मिली है।
एक छात्र के मुताबिक वह पहले शेड्यूल पर काउंसलिंग के लिए पहुंच गए थे, जबकि यह सूचना नहीं दी गई थी कि शेड्यूल रद्द किया गया है। दूसरी तरफ, मंगलवार को शुरू होने वाली काउंसलिंग के लिए भी कोई सूचना नहीं दी गई।
खासतौर से दिल्ली से बाहर से आने वाले छात्रों को काफी दिक्कत हुई है। मालूम हो कि एक नोटिस जारी किया गया था, जिसमें काउसंलिंग के शेड्यूल पर 25 जून को जारी करने की बात कही गई थी और इसे 29 जून से शुरू करने को कहा गया था। प्रवक्ता का कहना है कि पहले दिन काउंसलिंग समय से शुरू हुई और सुचारु रूप से चली।