आईपी यूनिवर्सिटी में सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया में पहली बार कॉलेज प्रशासन भी भाग लेगा लेकिन उन्हें सीट संबंधी जानकारी छात्र को अलॉट होने के बाद ही मिलेगी।
यूनिवर्सिटी और मान्यता प्राप्त कॉलेजों की 25 जून को बैठक होने जा रही है, जिसमें दिल्ली सरकार से एनओसी मिलने में देरी के चलते काउंसलिंग के शेड्यूल में बदलाव पर भी चर्चा होगी।
आईपीयू प्रशासन के मुताबिक, बुधवार को आयोजित बैठक में कॉलेज के अध्यक्ष, निदेशक, प्रिंसिपल और कॉलेज फैकल्टी के अलावा यूनिवर्सिटी स्कूल के डीन व सीनियर प्रोफेसर को भी बुलाया गया है।
बैठक में काउंसलिंग में देरी के चलते छात्रों में दाखिले को लेकर जो भ्रम बना है, उसे दूर करने पर बात होगी। इसके अलावा लगभग 25 दिन देरी से चल रहे काउंसलिंग शेड्यूल में तेजी लाने पर भी सहमति बनेगी।
दाखिलों में पारदर्शिता बनाए रखने के मकसद से विश्वविद्यालय प्रबंधन पिछले सत्र की काउंसलिंग तक कॉलेज प्रशासन को सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया से दूर रखता था लेकिन पहली बार कॉलेज भी विश्वविद्यालय को सहयोग देंगे।
हालांकि विश्वविद्यालय प्रबंधन ने एडमिशन डिपार्टमेंट को निर्देश दिया है कि सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी करने के लिए कॉलेज प्रशासन से मदद तो लें, लेकिन उन्हें किसी भी अलॉटमेंट संबंधी जानकारी से दूर रखा जाए।