कानपुर में ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की उड़न तश्तरी देख दर्शक रोमांचित हो उठे। विवि के छात्रों के बनाए खास हेलीकॉप्टर हेक्साकॉप्टर ने आईआईटी कानपुर में पुरस्कार हासिल किया।
हेलीकॉप्टर नहीं हेक्साकॉप्टर
विवि के बीटेक कंप्यूटर साइंस तृतीय वर्ष के छात्र आयुष कुमार दुआ और अक्षय भारद्वाज ने महज 1.870 किलो वजन वाला यह हेक्साकॉप्टर तैयार किया है।
छह पंखों वाला यह कॉप्टर अपने वजन से करीब दोगुना वजन लेकर उड़ान भरता है। बैटरी की मदद से यह लगातार दस मिनट की उड़ान भर सकता है।
आयुष ने बताया कि आईआईटी कानपुर में तीन दिन चली प्रतियोगिता में देश के 45 प्रमुख विवि और संस्थानों की टीमों से मुकाबला हुआ।
300 मीटर ऊंचाई तक उड़ा
इस दौरान हेक्साकॉप्टर ने 4.5 किलोग्राम वजन की पानी की बोतलें करीब 300 मीटर ऊंचाई तक उड़ाकर दूसरे स्थान पहुंचाई। प्रतियोगिता में तीन बार इसका प्रदर्शन किया गया।
रिमोट की मदद से चलने वाले कॉप्टर को बनाने में टीम को डेढ़ महीने का वक्त लगा। आयुष ने बताया कि इसमें लिथियम पॉलीमर 4 एस बैटरी का उपयोग किया गया है।
इससे ज्यादा क्षमता की बैटरी लगाई जाए तो कॉप्टर आधे घंटे तक उड़ाया जा सकता है। विवि के अध्यक्ष प्रो. कमल घनशाला ने आयुष और अक्षय को कामयाबी पर बधाई दी।