शहर के सरकारी स्कूलों में कई साल से कार्यरत 200 से अधिक कांट्रैक्ट कंप्यूटर टीचर्स और डाटा एंट्री आपरेटर को होली का तोहफा मिल सकता है।
करीब तीन महीने से कांट्रैक्ट रेगुलर किए जाने की मांग कर रहे शिक्षकों के वेतन में बढ़ोतरी और कांट्रैक्ट रिन्यू करने की चिट्ठी जारी हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग की ओर से कंप्यूटर शिक्षकों के वेतन में 25 फीसदी इजाफा और मार्च 2014 तक कांट्रैक्ट रिन्यू किए जाने की जानकारी है।
डीपीआई(स्कूल) कार्यालय की ओर से इस मामले की फाइल को अप्रूव कर जिला शिक्षा अधिकारी के पास भेजा जा चुका है। वेतन बढ़ोतरी जनवरी 2014 से होगी जबकि कांट्रैक्ट को मार्च 2014 तक बढ़ाए जाने की चिट्ठी जारी की गई है।
गौरतलब है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे शिक्षकों के वेतन में कई सालों से इजाफा नहीं किया गया है। इस मामले को लेकर यूटी कैडर एजूकेशनल इंपलाइज यूनियन ने भी कंप्यूटर शिक्षकों का समर्थन किया था।
करीब 15 दिन के कड़े विरोध के बाद डीपीआई(स्कूल) ने 8 जनवरी को लिखित में कंप्यूटर टीचर्स के वेतन में 25 फीसदी इजाफा और कांट्रैक्ट रिन्यू करने का आश्वासन दिया था। अमर उजाला ने कांट्रैक्ट कंप्यूटर टीचर्स के वेतन बढ़ोतरी और रिन्यू मामले को काफी प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
वेतन में चार हजार तक इजाफा
कांट्रैक्ट कंप्यूटर टीचर्स के वेतन में करीब चार हजार रुपये तक इजाफा हो जाएगा। सीनियर कंप्यूटर टीचर्स का वेतन 15,448 से बढ़ाकर 19330, जूनियर कंप्यूटर टीचर्स को 12,800 से 16,060 और डाटा एंट्री आपरेटर को 9700 से बढ़ाकर 13,500 रुपये वेतन मिलेगा। काफी समय के बाद कंप्यूटर टीचर्स के वेतन में इतनी बढ़ोतरी की गई है।
गेस्ट टीचर्स वेतन बढ़ोतरी के इंतजार में
शहर के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 400 से अधिक गेस्ट टीचर्स भी काफी समय से वेतन बढ़ोतरी का मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग ने अभी तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि एसएसए और कांट्रैक्ट टीचर्स का वेतन बढ़ा दिया गया है। वेतन बढ़ोतरी को लेकर गेस्ट टीचर्स का एक प्रतिनिधिमंडल डीपीआई (स्कूल) से मिल चुका है।