दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले की दौड़ के साथ हॉस्टल की सीट को पाने की रेस भी शुरू हो चुकी है। जहां छात्रों को कॉलेज की सीट को पाने के लिए कट ऑफ का सामना करना पड़ रहा है, वहीं हॉस्टल की ऊंची कट ऑफ भी उनके होश उड़ा सकती है।
डीयू के सभी कॉलेजों में हॉस्टल की सुविधा नहीं है, वहीं छात्रों की संख्या के मुताबिक भी कमरे नहीं है। ऐसे में एक-एक सीट पर मारामारी रहती है।
कॉलेज की कट ऑफ में एक-एक कोर्स के मुताबिक सीटें मेरिट के आधार पर ही मिलती है। अब हॉस्टल की सीट पाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लिहाजा ऑफ लाइन व ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भरवाएं जा रहे हैं।
श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में हॉस्टल की कट ऑफ 20 जुलाई तक जारी होगी, जिससे 21 जुलाई से शुरू हो रहे नए सत्र में छात्रों को आवास की परेशानी का सामना न करना पड़े। यहां ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया है।
ओबीसी एससी-एसटी व शारीरिक रुप से अक्षम वर्ग के छात्रों को आरक्षण मिलता है। किरोड़ीमल के हॉस्टल में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सत्र शुरू होने के बाद 22 जुलाई को छात्रों को इंटरव्यू देना होगा।
वहीं मिरांडा कॉलेज में कोर्स के मुताबिक 57 छात्रों को हॉस्टल की सीट मेरिट आधार पर मिल चुकी है। आईपी कॉलेज में 10 जुलाई से प्रक्रिया हो चुकी है। कॉलेज के दो हॉस्टलों की सीट के लिए 81 छात्राओं का चयन हो चुका है।
प्रमुख कॉलेजों के हॉस्टल में सीटों की स्थिति
कॉलेज-------------सीट
हंसराज----------------200 छात्र-छात्राएं
हिंदू कॉलेज------------119 छात्र
केशव महाविद्यालय-----80 छात्राएं
श्री वेंकटेश्वरा कॉलेज---46 छात्र-छात्राएं
किरोड़ीमल कॉलेज-----89 छात्राएं
लेडी श्रीराम कॉलेज----300 छात्राएं
मिरांडा हाउस----------250 छात्राएं
श्रीराम कॉलेज
ऑफ कामर्स-----------253 छात्र-छात्राएं