पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के रिजल्ट में जिन विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है। बोर्ड ने उन विद्यार्थियों की अगली परीक्षा जुलाई में लेने का फैसला लिया है।
परीक्षा के लिए दाखिला फार्म भरने का शेड्यूल बुधवार को घोषित कर दिया गया है। बोर्ड के सचिव गुरिंदर पाल सिंह बाठ ने बताया कि विद्यार्थी परीक्षा के लिए 30 मई तक बिना लेटफीस के साथ दाखिला फार्म भर पाएंगे।
विद्यार्थियों को इस दौरान बोर्ड का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। बल्कि विद्यार्थी अपने जिले के क्षेत्रीय दफ्तर में फीस जमा करा सकेंगे। इसके बाद विद्यार्थियों को लेट फीस के साथ दाखिला फार्म भरना पड़ेगा।
विद्यार्थियों को दाखिला फीस भरने के लिए बोर्ड के मुख्य दफ्तर आना होगा। छह जून तक दाखिला फीस के साथ एक हजार रुपये लेटफीस लगेगी। जबकि 12 जून तक दो हजार रुपये लेटफीस के साथ दाखिला फार्म भरे जाएंगे। जबकि परीक्षा दस जुलाई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए फार्म, प्रॉस्पेक्टस बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। दाखिला फार्म हासिल करने के लिए विद्यार्थियों को www.pseb.ac.in पर लॉगिन करना होगा।