इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू ) ने चंडीगढ़ में स्लम स्टडी सेंटर स्थापित करेगा। इग्नू के चंडीगढ़ रीजनल सेंटर की ओर से स्लम स्टडी सेंटर का प्रपोजल तैयार कर आला अधिकारियों के पास भेजा गया है।
इग्नू अधिकारियों ने यह जानकारी पंजाब यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग स्कूल (यूसोल) में आयोजित 27वें दीक्षांत समारोह में दी। एक अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ में स्लम एरिया को चिन्हित किया गया है, जहां पर स्लम स्टडी सेंटर को स्थापित करने की तैयारी है। उधर, इग्नू चंडीगढ़ में वुमन स्टडी सेंटर खोलने की तैयारियों में जुटा हुआ है। वुमन स्टडी सेंटर में सिर्फ महिलाओं को दाखिला और अन्य सुविधाएं मिलेंगे।
303 को मिली डिग्री
पीयू के यूसोल ऑडिटोरियम में बुधवार को इग्नू रीजनल सेंटर चंडीगढ़ के दीक्षांत समारोह में 303 विद्यार्थियों को डिग्री दी गई। यूसोल चेयरमैन प्रो. ललित के बंसल मुख्य अतिथि और सीआरपीएफ के कमांडेंट राजेश कुमार सहाय विशेष अतिथि थे। इग्नू रीजनल सेंटर हेड डा. डीबी नेगी ने सालाना रिपोर्ट पेश की। नेगी ने बताया कि रीजनल सेंटर 101 कोर्स उपलब्ध कराता है। सेंटर के तहत विभिन्न जेलों में बंद 300 कैदी पढ़ाई कर रहे हैं।
दो छात्राओं को मिला गोल्ड
दीक्षांत समारोह में डिग्री हासिल करने वालों में लड़कियों की संख्या अधिक थी। इग्नू के चंडीगढ़ रीजनल सेंटर से दो छात्राओं को गोल्ड मेडल मिला। ऑल इंडिया लेवल पर इटलेक्चुअल प्रापर्टी राइट डिप्लोमा में स्वाति सूद ने 83 फीसदी अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।
सुखजीत कौर को एमएससी डीएफएसएम में टॉप करने पर गोल्ड मेडल से नवाजा गया। अमर उजाला से बातचीत में स्वाति सूद ने कहा कि उसका सपना पीएचडी करना है। सुखजीत कौर ने कहा कि डा.अब्दुल कलाम उनके रोल मॉडल हैं। अपनी सफलता का श्रेय रुटीन पढ़ाई और निर्धारित लक्ष्य को देती हैं।
रिटायरमेंट के बाद भी पढ़ाई जारी: मीरा धवन
इग्नू के दीक्षांत समारोह में जब 66 वर्षीय मीरा धवन डिप्लोमा सर्टिफिकेट लेने स्टेज पर पहुंची तो पूरा हाल तालियों से गूंज उठा। केवीएस से रिटायर्ड शिक्षिका मीरा ने पीजी डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें हिंदी में लिखने का शौक है। मीरा भविष्य में भी अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती है।
कोट्स
इग्नू का मकसद कामकाजी या आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को एजूकेशन उपलब्ध करना है। इग्नू ने चंडीगढ़ में स्लम स्टडी सेंटर का प्रपोजल तैयार किया है। वुमन स्टडी सेंटर के लिए भी जगह की तलाश की जा रही है। आगामी सत्र में कुछ नए कोर्स भी शुरू होंगे।
डॉ. डीबी नेगी, वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक, इग्नू रीजनल सेंटर, चंडीगढ़