मोरनी में इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी ने एक स्टडी सेंटर खोला है। इस मौके पर चंडीगढ़ इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. डीबी नेगी ने कार्यालय का उद्घाटन किया। उनके साथ उप निदेशक डॉ. जोगिंद्र यादव और सहायक निदेशक डॉ. मुख्तियार अली भी मौजूद रहे।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां के बच्चों को बारहवीं के बाद आगे की पढ़ाई पूरी करने के लिए 35 किलोमीटर का सफर करके पंचकूला या चंडीगढ़ जाना पड़ता था। इससे यहां के बच्चों का काफी समय आने-जाने में ही कट जाता था, जिससे बच्चों को भारी परेशानी होती थी।
इस मौके पर निदेशक ने कहा कि मोरनी में इग्नू की तरफ से खोला गया पहला निजी सेंटर है, जिसको पहली बार मोरनी पहाड़ी क्षेत्र में खोला गया है।
यहां सेंटर खुलने से मोरनी के बच्चों को अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए अब चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस सेंटर से यहां के बच्चों को काफी फायदा मिलेगा। इस मौके पर उप-निदेशक ने विश्वास दिलाते हुए कहा कि आने वाले समय में हम इस स्टडी सेंटर में और भी कोर्स शुरू करने वाले हैं।