हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ ने प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दे दी है। संघ की कार्यकारिणी ने सोमवार बैठक की जिसमें अध्यक्ष और विवि जेसीसी के चेयरमैन हितेश्वर ठाकुर ने लंबित मांगों को पूरा करने के लिए एचपीयू को तीन सप्ताह का अल्टीमेटम दिया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें तीन सप्ताह में पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन किया जाएगा। हितेश्वर ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों की मुख्य मांगों में रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरना, 43 लिपिकों की भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करना, विवि को आर्थिक संकट से उबारने और देनदारियों के भुगतान के लिए प्रदेश सरकार से 38 करोड़ की अतिरिक्त ग्रांट की व्यवस्था कराना शामिल हैं।
1 जनवरी और 1 जुलाई 2013 से देय महंगाई भत्ते का भुगतान करने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सचिवालय भत्ते का भुगतान करने, मेडिकल बिलों का भुगतान करने, 4-9-14 के तहत कर्मचारियों को होने वाले वित्तीय लाभ का भुगतान करने की मांग भी की है।
जेसीसी की बैठक 19 को
विवि जेसीसी के चेयरमैन हितेश्वर ठाकुर ने कहा कि 19 मई को जेसीसी की बैठक विवि परिसर में होगी। इसमें गैर शिक्षक, स्टेनोग्राफर संघ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ सहित चारों कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इसमें कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उसे विवि के समक्ष रखा जाएगा।