हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने एमएड के दो वर्षीय कोर्स की परीक्षा को अब मार्च माह में करवाने का फैसला ले लिया गया है। दिसंबर में पहले सेमेस्टर की परीक्षा करवाने के फैसले के विरोध के चलते विवि ने अब मांग के अनुरूप मार्च 2016 में ही परीक्षा करवाने का फैसला लिया है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने माना कि छात्रों की मांग और अधिष्ठाता अध्ययन और शिक्षा विभाग के चेयरमैन की रिपोर्ट को आधार बनाकर परीक्षाएं दिसंबर के बजाय मार्च में करवाने का निर्णय लिया है। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
विश्वविद्यालय ने बीएड दो वर्षीय कोर्स में सेमेस्टर और वार्षिक परीक्षा दोनों प्रणाली को जारी रखने के बाद एमएड की परीक्षा 31 दिसंबर से करवाने का शेड्यूल जारी किया था। 24 दिसंबर तक परीक्षा फार्म भरने की तिथि तय की गई थी। एनसीटीई के नियमों में एमएड के दो वर्षीय कोर्स सेमेस्टर सिस्टम में पहले सेमेस्टर की कक्षाओं के सौ दिन भी पूरे न होने को लेकर विरोध किया।
इसपर विवि ने अब पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं मार्च माह में ही करवाने का फैसला ले लिया है। अब एमएड की परीक्षा 31 दिसंबर से शुरू नहीं होगी। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने 19 दिसंबर को एमएड परीक्षा के शेड्यूल को लेकर जारी अधिसूचना को वापस ले लिया है। अधिसूचना में इस कोर्स के पहले सेमेस्टर की परीक्षा का शेड्यूल पुन: जारी करने की बात कही गई है।