लखनऊ विश्वविद्यालय में स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए अब वेरिफिकेशन का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन जुलाई के पहले हफ्ते 3 जुलाई तक कटऑफ सूची घोषित करने की तैयारी कर रहा है। सबसे पहले ऑनर्स कोर्सेज की कटऑफ सूची जारी की जाएगी।
इसमें एलएलबी ऑनर्स, बीए ऑनर्स व बीकॉम ऑनर्स कोर्स शामिल हैं। वहीं, बीबीए, बीसीए, बीबीए आईबी व बीएमएस कोर्सेज की भी कटऑफ सूची घोषित की जा सकती है।
एलयू प्रशासन ट्रेडिशनल कोर्सेज में सबसे पहले बीकॉम की कटऑफ सूची घोषित करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद बीएससी व बीए की कटऑफ सूची घोषित की जाएगी।
एलयू के प्रवेश समन्वयक प्रो. प्रवीण नागर ने बताया कि जुलाई के पहले हफ्ते में ही मेरिट सूची घोषित कर दी जाए।
इसके बाद हफ्ते भर के अंदर सभी कोर्सेज की कटऑफ सूची एक-एक करके घोषित कर दी जाएगी।
इस बार यूनिवर्सिटी में 20 हजार से अधिक स्टूडेंट्स ने दाखिले के लिए आवेदन किया है। ट्रेडिशनल कोर्सेज में सबसे अधिक 8803 आवेदन फार्म बीएससी में आए हैं।
वहीं, बीकॉम कोर्सेज में 6653 आवेदन और बीए में 4577 आवेदन आए हैं। ऐसे में इस बार एलयू में दाखिले के लिए मारामारी अधिक है।
उधर, फाइन आर्ट्स में बैचलर ऑफ विजुअल आर्ट्स (बीवीए) आदि कोर्सेज में दाखिले के लिए आवेदन करने वाले स्टूडेंट्स के फार्म का वेरिफिकेशन कर लिया गया है।
फाइन आर्ट्स फैकल्टी में चलने वाले डिग्री स्तर के कोर्सेज में दाखिले के लिए 350 अभ्यर्थी और डिप्लोमा स्तर के कोर्सेज में 45 अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा देंगे।
यह प्रवेश परीक्षा 4 व 5 जुलाई को आयोजित की जाएगी।