अपने यहां पढ़ने वाले करीब 18 हजार छात्रों को लखनऊ विश्वविद्यालय ने नए
साल पर इंश्योरेंस का गिफ्ट देने का फैसला किया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन
ने इसके लिए इंश्योरेंस कंपनियों से प्रस्ताव मंगवाए हैं। स्टूडेंट्स के
साथ ही टीचर्स और कर्मचारियों का भी ग्रुप इंश्योरेंस करवाए जाने की योजना
है।
स्टूडेंट्स के हेल्थ कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। पहले चरण में सभी हॉस्टलों
में रहने वाले स्टूडेंट्स को ये उपलब्ध कराए जाएंगे।
वहीं विश्वविद्यालय एक
नई एंबुलेंस भी खरीदेगा ताकि स्टूडेंट को बीमारी व दुर्घटना होने की
स्थिति में तत्काल उचित इलाज दिलवाया जा सके।
लखनऊ
विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. अनिल शुक्ला कहते हैं कि
स्टूडेंट्स का ग्रुप इंश्योरेंस करवाया जाएगा। इसके लिए हेल्थ इंश्योरेंस
करने वाली कंपनियों से बात की जा रही है।
हम चाहते हैं कि स्टूडेंट्स को
अधिक से अधिक लाभ मिल सके। दुर्घटना की स्थिति में उन्हें इंश्योरेंस कंपनी
से इलाज का खर्च मिल सके।
उनका कहना है कि यूनिवर्सिटी की ओर से
स्टूडेंट्स, टीचर्स और कर्मचारियों के बारे में पूरी जानकारी इंश्योरेंस
कंपनियों को उपलब्ध करवाई जा रही है। उम्मीद है कि अगले वर्ष जनवरी से
स्टूडेंट्स को इंश्योरेंस का फायदा मिलने लगेगा।
इसके लिए स्टूडेंट्स से
100 से 150 रुपये प्रीमियम लिया जाना है। इस बीच हमने सभी 16 ब्वॉयज व
गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स का हेल्थ कार्ड बनाना शुरू कर दिया
है।
प्रथम चरण में सभी हॉस्टलर्स के हेल्थ कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसमें
उनके स्वास्थ्य की पूरी जानकारी रहेगी। उन्हें इसी के आधार पर डिस्पेंसरी
से दवाएं मिलेंगी। यहां छह बेड का एक अस्पताल भी बनाया जा रहा है।
अगर
स्टूडेंट बीमार होते हैं तो उनका विशेषज्ञ डॉक्टर कैंपस में ही इलाज
करेंगे। प्रो. शुक्ला कहते हैं कि अभी तक एलयू के पास अपनी एंबुलेंस नहीं
है।
अगर कोई छात्र दुर्घटना में घायल होता है या बीमार हो जाता है तो उसे
प्रॉक्टर या अन्य अधिकारी हॉस्पिटल पहुंचाते हैं। अब यूनिवर्सिटी प्रशासन
खुद की एंबुलेंस खरीदने जा रहा है।