फरीदाबाद की लड़कियों ने एक बार फिर से यह साबित कर दिखाया है कि वह लड़कों से किसी भी मायने में कम नहीं है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से बृहस्पतिवार को जारी हुए जिला वाइज परिणाम में 12वीं व 10वीं कक्षा में लड़कों से अधिक लड़कियों ने सफलता हासिल की है।
12वीं कक्षा में जहां करीब 11 प्रतिशत अधिक लड़कियां परीक्षा में उत्तीर्ण रही हैं। वहीं 10वीं में करीब तीन प्रतिशत लड़कियों ने लड़कों के मुकाबले अधिक सफलता अर्जित की है। 12वीं कक्षा की परीक्षा में जिले से 13, 536 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। जिसमें से 9003 परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की है।
जिनका पास प्रतिशत 66.51 रहा है। इस परीक्षा में जिले से 7877 लड़के परीक्षा में बैठे थे। इसमें 4837 ने सफलता अर्जित की, जिनका पास प्रतिशत 61.88 रहा। जबकि इस परीक्षा में 5719 लड़कियां बैठी, जिसमें से 4166 उत्तीर्ण रही, जिनका पास प्रतिशत 72.84 रहा, जो कि लड़कों के पास प्रतिशत से 10.96 प्रतिशत अधिक रहा।
10 वीं कक्षा में जिले से 21892 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें से 12537 बच्चे सफल रहे। जिनका पास प्रतिशत 57.27 रहा है। इस परीक्षा में 11951 लड़के शामिल हुए थे, जिसमें से 6696 ने परीक्षा उत्तीर्ण की, जिनका पास प्रतिशत 56.03 रहा। जबकि 9941 लड़कियां परीक्षा में बैठी थी। जिसमें से 5841 ने सफलता हासिल की। जिनका पास प्रतिशत 58.76 फीसदी रहा। जो लड़कों के पास प्रतिशत से 2.73 प्रतिशत अधिक रहा है।
गुड़गांव में छात्राओं ने गाड़े सफलता के झंडे
गुड़गांव की छात्राओं ने दसवीं और 12वीं के रिजल्ट में सफलता के झंडे गाड़े। हर साल की तरह इस साल भी छात्राओं का पास प्रतिशत अधिक रहा। गुड़गांव के 12वीं कक्षा में 78.12 फीसदी और दसवीं में 69.56 फीसदी रिजल्ट के साथ छात्राओं ने बाजी मारी। 12वीं कक्षा में छात्रों का रिजल्ट 68.46 और 10वीं कक्षा में 61.6 फीसदी रहा।
शिक्षा के नजरिये से देश में पिछड़े मेवात में भी लड़कियों ने अपनी काबिलियत के बल पर लड़कों को पछाड़ दिया। मेवात में 12वीं कक्षा में 79.74 फीसदी और दसवीं कक्षा में 65.32 फीसदी रिजल्ट के साथ छात्राओं ने बाजी मार ली, जबकि 12वीं कक्षा में छात्रों का रिजल्ट 67.64 और 10वीं में 62.20 फीसदी छात्र सफल हुए।
हरियाणा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में गुड़गांव से 12 हजार 232 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें 8 हजार 908 विद्यार्थी सफल हुए, यानी 72.83 फीसदी रिजल्ट रहा। कुल परीक्षार्थियों में 6 हजार 706 छात्र थे। इनमें 4591 फीसदी पास हुए, यानी 68.46 फीसदी रिजल्ट रहा। पांच हजार 526 छात्राओं में से 4 हजार 317 छात्राएं सफल रहीं, यानी 78.12 फीसदी रिजल्ट रहा।
दसवीं कक्षा में 14 हजार 790 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें 9 हजार 638 परीक्षार्थी सफल हुए, यानी 65.17 फीसदी रिजल्ट रहा। 8 हजार 158 छात्र में से 5 हजार 25 छात्र सफल हुए, यानी 61.60 फीसदी रिजल्ट रहा। 6 हजार 632 छात्राओं में से 3 हजार 474 छात्राएं पास हुईं, यानी 69.56 फीसदी रिजल्ट रहा।