कालका-पिंजौर आटो आपरेटर वेलफेयर एसोसिएशन की बस स्टैंड पर बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता संस्था प्रधान विजय कुमार सैनी उर्फ गिन्नी ने की।
इस दौरान एसोसिएशन ने स्कूली विद्यार्थियों के लिए अहम निर्णय लिया। इसके तहत स्कूल टाइम में यूनिफार्म में आटो में बैठने वाले पहली से दसवीं कक्षा तक के बच्चों से आधा किराया लिया जाएगा। यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
गिन्नी ने बताया कि प्रशासन और शहरवासियों के बार-बार अनुरोध के बाद संस्था ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि स्कूली बच्चों को ऑटो के किराए में रियायत की जाएगी।
अब जो स्कूली बच्चे स्कूल टाइम में यूनिफार्म में होंगे, उन्हें ऑटो में सफर करने पर 10 की बजाय केवल पांच रुपये देने होंगे।
उन्होंने सभी स्कूली बच्चों से अपील की है कि यदि कोई ऑटो चालक स्कूल टाइम में यह किराया लेने में आनाकानी करता है या इनकार करता है तो ऑटो का नंबर नोटकर एसोसिएशन को दें।
स्कूली बच्चे या उनके अभिभावक मोबाइल नंबर 9728333838 पर शिकायत कर सकते हैं। एसोसिएशन उस पर कार्रवाई करेगी।