आईआईएम रोहतक में अब नौकरीपेशा व्यक्ति भी ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे। इसमें उनकी नौकरी भी बाधा नहीं बनेगी। आईआईएम (भारतीय प्रबंधन संस्थान) में इसके लिए प्रथम एग्जीक्यूटिव पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मैनेजमेंट कोर्स शुरू किया गया है।
सोमवार को आईएचटीएम में आयोजित इंडक्शन प्रोग्राम में आईआईएम के पदाधिकारियों ने कोर्स की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
प्रोग्राम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रोफेसर अतानु रक्षित ने किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती, लेकिन कई बार नौकरी और पढ़ाई में सामंजस्य नहीं बन पाता। यह कोर्स ऐसे लोगों के लिए ही तैयार किया गया है।
रिसर्च एंड एक्जीक्यूटिव एजुकेशन के डीन प्रो. संजय झाकरिया ने बताया कि कोर्स दो साल के पीजीडीएम कोर्स की तरह होगा। कोई भी नौकरी करने वाला व्यक्ति इस कोर्स की ऑनलाइन पढ़ाई कर सकता है।
कोर्स की डिग्री एमबीए के समानांतर होगी। पढ़ाई ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन भी होगी, जबकि इसके एग्जाम सामान्य एग्जाम की तरह कॉपी पर लिए जाएंगे। हीरो मोटो कॉर्प के सीईओ व हेड सीएसआर विजय सेठी ने कहा कि जीवन में पढ़ाई का बड़ा महत्व है।
पढ़ाई ही व्यक्ति को सफलता की बुलंदियों पर लेकर जाती है। पूर्व पुलिस महानिदेशक रंजीव सिंह दलाल ने पूंजीवादी और देश में प्रचलित समाजवादी तरीकों के बीच मतभेदों पर प्रकाश डाला।
पहले बैच के लिए देश भर से चुने गए 55 छात्र
प्रथम एग्जीक्यूटिव पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मैनेजमेंट कोर्स के पहला बैच शुरू कर दिय गया है। डीन प्रो. संजय झाकरिया ने बताया कि पहले बैच में 55 छात्रों को चुना गया है। ऑनलाइन और ऑफलाइन होने वाली पढ़ाई में सहयोग के लिए एचसीआईएल कंपनी के साथ करार किया गया है, जो टेक्नोलॉजी मुहैया कराएगी। इस कोर्स के माध्यम से नौकरी वाले व्यक्ति खुद का कौशल निखार सकेंगे।