छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी। चंडीगढ़ के 5 गवर्नमेंट कॉलेजों में 2015-16 सत्र की दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। 12वीं सीबीएसई के रिजल्ट से पहले ही डायरेक्टर हायर एजुकेशन के निर्देश पर सभी गवर्नमेंट कॉलेजों ने दाखिले की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पहली बार सभी कक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन सिस्टम शुरू किया जाएगा। स्पिक को सॉफ्टवेयर डिजाइन करने की जिम्मेदारी सौंपी है। सभी गवर्नमेंट कॉलेजों के लिए कॉमन प्रोस्पेक्टस तैयार होगा। इस साल प्रोस्पेक्टस की हार्ड कॉपी नहीं मिलेगी। सभी जानकारी डायरेक्टर हायर एजुकेशन और कॉलेजों की वेबसाइट पर मिलेगी। सेक्टर-42 स्थित जीसीजी कॉलेज प्रिंसिपल की देखरेख में कॉमन प्रोस्पेक्टस तैयार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार अगले हफ्ते तक प्रोस्पेक्टस फाइनल हो जाएगा।
वीरवार को यूटी सचिवालय में डायरेक्टर हायर एजुकेशन संदीप हंस ने दाखिले के लिए प्रिंसिपलों की मीटिंग ली। सूत्रों के अनुसार इस साल यूटी प्रशासन सभी कक्षाओं के लिए ऑनलाइन ही आवेदन आमंत्रित करने की तैयारी में है। 2014 सत्र में कॉलेजों में सिर्फ फर्स्ट ईयर के लिए ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी।
दाखिले के बाद 200 रुपये शुल्क
सरकारी कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के दौरान कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा। कॉलेज में दाखिला मिलने के बाद ही 200 रुपये शुल्क देना होगा। ऑनलाइन आवेदन में स्टूडेंट्स को आने समस्याओं के समाधान के लिए सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। स्टूडेंट्स कॉलेज में भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। सभी कॉलेजों में स्टूडेंट्स के लिए हेल्पलाइन भी शुरू होगी।
बीएससी में भी सेंट्रलाइज्ड दाखिला
शहर के सरकारी कॉलेजों में पिछले 2 साल से बीएससी कोर्स में दाखिले के लिए मारामारी चल रही है। इन कोर्स में कट ऑफ 80 से 85 फीसदी रहती है। सभी गवर्नमेंट कॉलेजों में 2015 सत्र से बीएससी में दाखिला सेंट्रलाइज्ड होगा।
कोट
पहली बार सभी कक्षाओं में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। प्रोस्पेक्टस ऑनलाइन ही जारी होंगे। अगले हफ्ते तक ज्वाइंट प्रोस्पेक्टस को फाइनल अप्रूवल मिल जाएगी।
-मनी बेदी, जीसीजी-42 प्रिंसिपल और ज्वाइंट प्रोस्पेक्टस कमेटी की चेयरपर्सन।
स्टूडेंट्स के लिए जरूरी जानकारी
6 जून से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार होंगे।
25 जून तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
29 जून तक आवेदन फॉर्म की हार्ड कॉपी संबंधित कॉलेज में जमा करानी होगी।
2 जुलाई को सभी कॉलेज मेरिट लिस्ट जारी कर देंगे।
6 जुलाई से कॉलेजों में दाखिला दिया जाएगा।
बीकॉम के लिए पीयू करेगा काउंसिलिंग
शहर के 11 प्राइवेट और सरकारी कॉलेजों में बीकॉम की करीब 2200 सीटों के लिए सेंट्रलाइज्ड एडमिशन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। 12वीं रिजल्ट के बाद पीयू प्रशासन बीकॉम दाखिले से संबंधित नोटिफिकेशन जारी करेगा। बीकॉम में भी दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।