सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट की भर्ती के लिए ली गई परीक्षा के रिजल्ट पर सेंट्र्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्र्रिब्यूनल चंडीगढ़ (कैट) ने अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है।
अगली सुनवाई चार फरवरी 2015 निश्चित की गई है। वहीं, कैट ने चंडीगढ़ प्रशासन के डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर के सचिव व जीएमसीएच-32 के डॉयरेक्टर को भी नोटिस जारी किया है।
कैट में याचिका अमृतसर निवासी हरसिमरन जीत कौर ने अपने वकील करनवीर के माध्यम से दायर की थी। उन्होंने बताया था कि जीएससीएच-32 ने 28-8-2014 को सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट के पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। आवेदन की आखिरी तिथि 30-9-14 थी। इसमें हरसिमरन जीत कौर ने आवेदन किया था।
उस समय वह जीएमसीएच-32 में जूनियर फिजियोथेरेपिस्ट के पद पर काम कर रही थी। इसी बीच 23-11-2014 को भर्ती प्रक्रिया की लिखित परीक्षा हुई। इसमें भी वह अपीयर हुई और साथ ही परीक्षा पास की। रिजल्ट के आधार पर 4-12-14 को विभाग ने इंटरव्यू के लिए एक सूची तैयार की। सूची में हरसिमरन जीत कौर नाम भी शामिल था।
इसी बीच 22-12-2014 को विभाग ने एक पब्लिक नोटिस निकाला। जिसमें पदों की शैक्षणिक योग्यता में बदलाव कर दिया। बैचल्र डिग्री की जगह मास्टर डिग्री कर दी गई थी। फिर हरसिमरन जीत कौर 23-12-2014 को इंटरव्यू भी दिया, लेकिन लिखित परीक्षा के बाद शैक्षणिक योग्यता बदलने के मामले को वे कैट में ले गए।
इसके बाद कैट ने चंडीगढ़ प्रशासन को 8-1-2015 को नोटिस जारी किया। कैट में प्रशासन के वकील पेश हुए और दोनों पक्षों को सुनने के बाद फाइनल रिजल्ट पर रोक लगा दी।