बीए की मार्कशीट लेने के लिए सैकड़ों छात्राओं को गढ़वाल विश्वविद्यालय के देहरादून कार्यालय में भारी फजीहत झेलनी पड़ी।
अव्यवस्थाओं के आलम में घंटों कतार में लगे रहने के दौरान छात्राएं धक्कामुक्की की शिकार हुईं। शनिवार को गढ़वाल विवि के स्थानीय कार्यालय से मार्कशीट वितरण की जानकारी मिलते ही सुबह आठ बजे से छात्रों के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया था।
पढ़ें, राजधानी के स्कूल व हॉस्टलों में बच्चों को खतरा
विकासनगर निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सैकड़ों छात्र नौ बजे तक आ गए थे, लेकिन न तो कार्यालय खुला था न ही मौके पर पुलिस की कोई व्यवस्था थी। धर्मपुर निवासी वसीम ने बताया कि बैक पेपर का फॉर्म 18 सितंबर तक जमा करना है। ऐसे में सभी छात्र जल्द से जल्द फॉर्म जमा कराने के लिए मार्कशीट लेने पहुंचे हैं।
पढ़ें, सीबीएसई ने जारी किए सख्त नियम
इस दौरान कई छात्रों ने पेयजल व्यवस्था न होने पर भी नाराजगी जताई। उधर, कार्यालय खुलने के बाद भी मार्कशीट वितरण में अफरातफरी का माहौल रहा। काउंटरों पर इस कदर भीड़ जुटी कि छात्रों में धक्कामुक्की तक होने लगी। दोपहर बाद तक किसी तरह स्थिति सामान्य हो सकी।
कॉलेज से मिलेगी मार्कशीट
डीएवी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ राणा ने प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन से मुलाकात कर मार्कशीट की समस्या की जानकारी दी। इस पर प्राचार्य ने सोमवार से बीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की मार्कशीट महाविद्यालय से ही देने का आश्वासन दिया है।
एसएसपी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान
छात्रसंघ चुनाव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में डीएवी के छात्रों ने कॉलेज में हस्ताक्षर अभियान चलाया। कहा कि एसएसपी के हटने तक आंदोलन जारी रहेगा। अभियान में महासचिव जोगेंद्र रावत, उपाध्यक्ष मोनिका, अनीता तोमर, कुलदीप रमोला, पार्थ जोशी आदि मौजूद रहे।