पेट्रोल पंप संचालकों की हड़ताल होने के कारण मंगलवार को यूपी बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए उड़नदस्ते निरीक्षण के लिए नहीं निकल पाए। इसके बावजूद सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में मंगलवार को तीन नकलची धरे गए।
दो नकलची छात्र राजकीय जुबली इंटर कॉलेज और एक को ब्वॉयज एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में पकड़ा गया है। पेट्रोल पंप मालिक की हत्या के बाद हुई पेट्रोल पंप संचालकों की हड़ताल से यूपी बोर्ड परीक्षा भी प्रभावित हुई।
परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए आठ उड़नदस्ते बनाए गए हैं। सोमवार को जैसे-तैसे सचल दस्तों ने निरीक्षण कर लिया। मंगलवार को भी हड़ताल होने के कारण गाड़ियों में ईंधन नहीं भर पाया।
नतीजा यह हुआ कि मंगलवार को डीआईओएस और एसोसिएट डीआईओएस को छोड़कर कोई उड़ाका दल नहीं निकल पाया।
इसके बजाय राजकीय जुबली इंटर कॉलेज में आंतरिक उड़न दस्तों ने दो नकलचियों को सामाजिक विज्ञान 10वीं की परीक्षा में नकल करते हुए धरा।
इसी तरह एसोसिएट डीआईओएस हिफर्जुरहमान ने ब्वॉयज एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में एक छात्र को नकल करते पकड़ा। परीक्षा के दौरान विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा ड्यूटी करने का मामला मंगलवार को भी सामने आया।
परीक्षा के दौरान गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज में एक विषय विशेषज्ञ शिक्षक को ड्यूटी करते पकड़ा गया। कक्ष निरीक्षक को आगे की परीक्षाओं के लिए ड्यूटी करने से रोक दिया गया है।
जेडी कार्यालय को नहीं दी जा रही सूचना
यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान पकड़े जा रहे नकलची परीक्षार्थियों या विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से संबंधित कोई भी सूचना मंडलीय कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
ऐसे में मंडलीय संयुक्त निदेशक की ओर से सभी जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखा गया है। पत्र में कहा गया है कि बोर्ड सम्बंधी कार्यवाही की सारी सूचनाएं जेडी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएं।