पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में मंगलवार रात को लगी आग में एनएसएस का दफ्तर जलकर राख हो गया।
पीयू के डिपार्टमेंट ऑफ केमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी(यूआईसीईटी) की दूसरी मंजिल पर एनएसएस दफ्तर बनाया हुआ था।
आग के कारण दफ्तर में रखा पीयू कैंपस की विभिन्न यूनिट और पंजाब के एफिलिएटेड कालेजों की एनएसएस यूनिट से जुड़ा सालों पुराना रिकार्ड पूरी तरह जल गया।
आग लगने का कारण पीयू अधिकारी कंप्यूटर प्लग में शार्ट सर्किट मान रहे हैं। घटना के बाद पीयू कैंपस में कई घंटे तक अधिकारियों की जमकर भागदौड़ होती रही।
अधिकारी कर्मचारियों के साथ खुद आग पर काबू पाने के लिए भागते रहे। समय पर फायर ब्रिगेड आने से आग पर काबू पा जा सका। दो फायर ब्रिगेड को इस काम पर लगानी पड़ी।
एनएसएस दफ्तर में रखा कंप्यूटर-सीपीयू, कई कुर्सियां, मेज और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। एनएसएस रिकार्ड से जुड़ी अधिकतर फाइलें पूरी तरफ जल गई।
घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे की है। पीयू के यूआईसीईटी विभाग के चौकीदार ने सबसे पहले टॉप फ्लोर पर आग लगी देखी।
मामले की जानकारी एनएसएस ऑफिसर प्रो.योगराज को दी गई। पीयू कर्मचारियों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग रुकने का नाम नहीं ले रही थी। तभी फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। करीब 3 बजे तक आग बुझाने का काम चलता रहा।
पीयू एनएसएस दफ्तर केमिकल विभाग की दूसरी मंजिल पर बनाया गया है। विभाग की पहली मंजिल पर कई संवेदनशील पदार्थ की लैब हैं। अगर मंगलवार की रात आग नीचे की मंजिल पर बनी लैब तक पहुंच जाती तो पीयू में बड़ा हादसा हो जाता।
मामले की जानकारी पाकर पीयू के कई आला अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे। पीयू कुलपति ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने आग का कारण दफ्तर में बिजली की पुरानी तारें बताया, जबकि कुछ कंप्यूटर को बंद नहीं किया जाना बताया गया है।