फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) के छात्रों का डिग्री विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद छात्र आज फिर से सेक्टर-24 के नोएडा स्थित कैंपस की तालाबंदी करेंगे।
छात्रों के मुताबिक , सोमवार से नोएडा स्थित कैंपस में एफडीडीआई के देशभर के संस्थानों के छात्र जुटेंगे। यहां कोई भी शैक्षिक कार्य नहीं होने दिया जाएगा। कॉलेज में प्रदर्शन को लेकर जयपुर और दिल्ली के छात्र नोएडा पहुंचना शुरू भी हो चुके हैं।
दरअसल, एफडीडीआई के अलग-अलग कोर्स के छात्रों को मेवाड़ यूनिवर्सिटी से डिग्री दिलाई जा रही थी, लेकिन यूजीसी की ओर से दूसरे राज्य की डिग्री की वैधता पर सवालिया निशान लगाने के बाद छात्र परेशान हो गए।
उन्होंने करीब तीन-चार महीने तक कॉलेज प्रशासन से बातचीत कर हल निकालने को कहा, लेकिन जब कोई हल नहीं निकला तो छात्र सड़क पर आ गए और कॉलेज के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।