देहरादून के डीबीएस कॉलेज में कक्षाओं का संचालन बंद कराने की कोशिश पर बवाल हो गया। छात्रसंघ महासचिव विपुल गौड़ और अन्य छात्र शिक्षकों से भिड़ गए।
प्राचार्य और शिक्षकों के खिलाफ तहरीर
प्राचार्य डॉ. ओपी कुलश्रेष्ठ से धक्कामुक्की की गई। दोनों पक्षों में हाथापाई भी हुई। देर शाम शिक्षकों ने महासचिव और अन्य छात्रों के खिलाफ तहरीर दी, जबकि छात्रों ने भी प्राचार्य और शिक्षकों के खिलाफ तहरीर दी।
ईवनिंग क्लासेज में शिक्षकों की भर्ती की मांग पर गुरुवार सुबह छात्रसंघ महासचिव विपुल गौड़ साथियों संग कॉलेज बंद कराने पहुंच गए। वह ज्यूलॉजी विभाग में कक्षा बंद कराने पहुंचे तो शिक्षिका डॉ. पूनमप्रभा सेमवाल से उनकी कहासुनी हो गई। शिक्षिका ने कक्षा बंद करने से मना कर दिया।
आरोप है कि छात्रों ने उनसे अभद्रता की। जानकारी पर प्राचार्य डॉ. ओपी कुलश्रेष्ठ अन्य शिक्षकों संग पहुंचे। छात्रों का कहना है कि प्राचार्य ने आते ही उनसे धक्कामुक्की कर दी। इस पर कई अन्य छात्र भी आ गए। दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। सूचना पर पुलिस बल पहुंचा और किसी तरह स्थिति को संभाला।
देर शाम प्राचार्य और शिक्षकों की ओर से छात्रसंघ महासचिव विपुल गौड़, पूर्व महासचिव देवेंद्र नेगी व संदीप धीमान सहित कई छात्रों के खिलाफ तहरीर दे दी गई।
दूसरी ओर, छात्रसंघ महासचिव विपुल की ओर से कोतवाली डालनवाला में प्राचार्य ओपी कुलश्रेष्ठ व अज्ञात शिक्षकों के खिलाफ तहरीर दी गई है। डालनवाला इंस्पेक्टर अनिल जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद पुलिस कार्रवाई करेगी।
अब करेंगे क्लास बंद
कॉलेज के शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि उनसे अभद्रता करने वाले छात्रों पर जब तक कार्रवाई नहीं होती, वे कक्षाओं में नहीं पढ़ाएंगे। वहीं, प्राचार्य डा. ओपी कुलश्रेष्ठ ने डीएम, एसएसपी, सचिव उच्च शिक्षा को भी पत्र लिखकर मामले की जानकारी दे दी है।
यह है मामला
सरकार के आदेश पर डीबीएस में ईवनिंग क्लासेज में दाखिले दे दिए गए, लेकिन शिक्षकों की भर्ती का मामला शासन में लटका हुआ है।
छात्रों को नुकसान से बचाने के लिए कॉलेज प्रशासन ने ईवनिंग क्लासेज के छात्रों को मार्निंग क्लासेज में ही फिलहाल शिफ्ट किया हुआ है। लेकिन छात्रसंघ पदाधिकारी ईवनिंग क्लासेज के लिए अलग से शिक्षकों की मांग कर रहे हैं।