अब इंजीनियरिंग कॉलेजों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को ई-टेक्स्ट व ई ट्रेनिंग की सुविधा भी दी जाएगी। यूपीटीयू ई-लर्निंग प्रोजेक्ट में अगले चरण में यह सुविधा स्टूडेंट्स को उपलब्ध करवाएगा।
इससे स्टूडेंट्स को कोर्स कंटेंट जुटाने में दिक्कत न हो और वह बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकें। यूपीटीयू ने इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) में इन्फॉर्मेशन रिसोर्स सेंटर बनाया है।
इसके तहत आगे वह 850 इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में स्टूडेंट्स को यह सुविधा उपलब्ध करवाएगा। सारे इंजीनियरिंग कॉलेज इससे जुड़ेंगे।
बाहरी विशेषज्ञों के अलावा इंजीनियरिंग कॉलेजों के अच्छे शिक्षक भी अपने नोट्स को ई-कंटेंट के रूप में स्टूडेंट्स को उपलब्ध करवाएंगे।
दूर-दराज के क्षेत्रों में स्थित इंजीनियरिंग कॉलेजों के स्टूडेंट्स को अच्छा कोर्स मैटेरियल उपलब्ध होगा। स्टूडेंट्स इस ई-कंटेंट से पढ़ाई कर बेहतर अंक हासिल कर सकेंगे।
आईईटी के डीन एडमिनिस्ट्रेशन प्रो. बीएन मिश्रा ने बताया कि अभी ड्रैगन फ्लाई कंपनी से करार कर ई-लर्निंग की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
आईईटी में बने स्मार्ट क्लासरूम से आगे सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों को हम ई-लर्निंग की सुविधा के साथ-साथ ई-टेक्स्ट व ई-ट्रेनिंग की सुविधा भी उपलब्ध करवाएंगे।
इसका मकसद यह होगा कि स्टूडेंट्स के साथ-साथ इंजीनियरिंग कॉलेजों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के बीच भी प्रतिस्पर्धा बढ़े। अभी पब्लिशर्स से एक संस्थान के लिए ही ई-कंटेंट लेना महंगा पड़ेगा।
जब ख्याति प्राप्त पब्लिशर्स से सभी इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों के लिए एक साथ ई-कंटेंट लिया जाएगा तो वह सस्ता पड़ेगा। इसके माध्यम से स्टूडेंट्स को बेहतर पाठ्य सामग्री उपलब्ध होगी।
दूर-दराज के क्षेत्रों में स्थिति इंजीनियरिंग कॉलेजों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स को भी अच्छा कोर्स मैटेरियल उपलब्ध होगा। ऐसे में स्टूडेंट्स को पढ़ाई करने का अच्छा मौका मिलेगा।
प्रो. मिश्रा कहते हैं कि ई ट्रेनिंग के माध्यम से हम इंजीनियरिंग कॉलेजों के स्टूडेंट्स को बेहतर स्किल ट्रेनिंग देंगे। इसका फायदा यह होगा कि जिन इंजीनियरिंग कॉलेजों में अभी वोकेशनल ट्रेनिंग अच्छे ढंग से नहीं दी जा रही है, वहां पर भी दी जाएगी।
इसकी मॉनीटरिंग कर हम अच्छे ढंग से वोकेशनल ट्रेनिंग स्टूडेंट्स को देंगे। फिलहाल, इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में हम बेस्ट प्रैक्टिसेज को अच्छे ढंग से लागू करने पर जोर दे रहे हैं।