इंस्टीटयूट ऑफ कंपनी सेक्रेट्रीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) ने स्टूडेंट्स के लिए स्टडी मटीरियल इलेक्ट्रॉनिक फॉर्मेट में जारी किया है।
इससे स्टूडेंट्स को फायदा होगा कि वे अपने स्मार्ट फोन, टैबलेट और लैपटॉप पर पढ़ाई कर सकेंगे। स्टडी मटीरियल को ई-बुक में कन्वर्ट किया गया है, जिससे पढ़ने में आसानी होगी।
आईसीएसआई लखनऊ से विभिन्न कोर्सेस की तैयारी कर रहे हजारों स्टूडेंट्स के लिए इस पहल से न केवल अपनी किताबों को हर जगह ले जाना आसान हुआ है, बल्कि रजिस्ट्रेशन के दौरान फीस भी कम लगेगी।
आईसीएसआई लखनऊ चैप्टर के चेयरमैन सीएस अतुल तिवारी ने बताया कि आधिकारिक वेबसाइट पर ये स्टडी मटीरियल जारी किया गया है।
ई-बुक्स को किसी भी निशुल्क उपलब्ध ई-बुक रीडर एप्लीकेशन के जरिए पढ़ा जा सकेगा। इसे एंड्रॉयड से लेकर विंडो या एपल के किसी भी ऑपरेटिंग सिस्टम वाले स्मार्टफोन पर पढ़ सकते हैं।
स्टडी मटीरियल को पोर्टेबल डॉक्यूमेंट फॉर्मेट या कहें पीडीएफ में भी कन्वर्ट किया गया है, जिससे इन्हें पीडीएफ रीडर से पढ़ा जा सकेगा।
सीएस तिवारी ने बताया कि इस पहल से स्टूडेंट्स को किताबें खरीदने की जरूरत नहीं होगी।
कोर्स मटीरियल की सॉफ्ट कॉपी से पढ़ना चाह रहे सीएस प्रोफेशनल लेवल के स्टूडेंट्स को रजिस्ट्रेशन के समय जहां रुपए 2,000 कम देने होंगे, एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में रुपए1,500 की बचत होगी। हालांकि किताबें फिर भी खरीदी जा सकती हैं।