शहर के युवाओं में अब कनाडा, न्यूजीलैंड, अमेरिका जैसे देशों की यूनिवर्सिटी से डिग्री का क्रेज काफी तेजी से बढ़ रहा है। कुछ इसी तरह का रुझान बुधवार को सेक्टर-35 स्थित जेडब्ल्यू मेरिएट होटल में द चोपड़ा एजूकेशन ग्रुप की ओर से आयोजित 18वें एजूकेशन फेयर में देखने को मिला।
ट्राइसिटी से 12वीं और ग्रेजुएशन कर चुके विद्यार्थियों और अभिभावकों ने विदेशी यूनिवर्सिटी में दाखिले की जानकारी के लिए पहुंचे। द चोपड़ा के चेयरमैन नवीन चोपड़ा ने बताया कि एजूकेशन फेयर का रिस्पांस काफी बेहतरीन रहा। 500 से अधिक युवाओं ने विदेशी यूनिवर्सिटी में दाखिले के बारे में जानकारी ली, कई विद्यार्थियों ने ऑन द स्पॉट ही रजिस्ट्रेशन भी करा लिया।
इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कोर्स पहली पसंद
एजूकेशन फेयर में विभिन्न देशों की 30 यूनिवर्सिटी ने अपने स्टॉल लगाए थे। विद्यार्थियों की काउंसिलिंग निशुल्क की गई। मैनचेस्टर मेट्रोपालिटियन यूनिवर्सिटी की इंडिया ऑफिस हेड प्राची ने बताया कि लड़कियों में मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग कोर्स को लेकर काफी जानकारी ली गई है।
उन्होंने बताया कि उनकी यूनिवर्सिटी बैचलर कोर्स के 11 लाख और पीजी कोर्स के 12.50 लाख रुपये लेती है। ऐडिनबर्ग नेपियर यूनिवर्सिटी के डा.मिल्स वेवर ने कहा कि यूनिवर्सिटी से डिग्री पाने वाले 91 फीसदी युवाओं की कैंपस प्लेसमेंट हो जाती है। उन्होंने कहा कि एजूकेशन फेयर में दाखिले की जानकारी के लिए लड़कियां ही अधिक आई हैं। हंसराज स्कूल की छात्रा पलाक्षी ने बताया कि वह विदेश से बीबीए की डिग्री करनी चाहती है।
उन्होंने कहा कि एजूकेशन फेयर में एक ही छत के नीचे काफी यूनिवर्सिट की जानकारी मिल जाती है। पठानकोट से आए साहिल ने बताया कि वह कनाडा से पीजी कोर्स की जानकारी के लिए एजूकेशन फेयर में आए हैं। उन्हें कई यूनिवर्सिटी से अच्छी जानकारी मिली है।