इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) लखनऊ में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स अब ऑनलाइन फीस जमा कर सकेंगे। मंगलवार को आईआईएम लखनऊ ने एचडीएफसी बैंक के साथ ऑनलाइन पेमेंट गेटवे सर्विस की शुरुआत की।
इसका लिंक आईआईएम लखनऊ की वेबसाइट www.iiml.ac.in पर उपलब्ध है। इसके बाद आईआईएम लखनऊ में मैनेजमेंट डवलपमेंट प्रोग्राम जो कि एग्जीक्यूटिव के लिए डिजाइन किए गए हैं।
उनमें दाखिले के लिए स्टूडेंट्स इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। दो-तीन महीने में कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) के माध्यम से पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम (पीजीपी) में दाखिला लेने वाले स्टूडेंट्स भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
द्वितीय चरण में इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा। इसके बाद आईआईएम के स्टूडेंट्स अपनी मेस की फीस सहित अन्य सभी भुगतान ऑनलाइन कर सकेंगे।
मंगलवार को ई-पेमेंट गेटवे की लांचिंग आईआईएम लखनऊ के निदेशक प्रो. देवी सिंह और एचडीएफसी के जोनल हेड अरुण मेदीरत्ता ने की।
इस मौके पर प्रो. देवी सिंह ने कहा कि जमाना टेक्नोलॉजी का है और स्टूडेंट्स को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अब स्टूडेंट्स को बैंक ड्राफ्ट व चेक बनवाने के झंझट से छुटकारा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन सुविधा के साथ ही स्टूडेंट पहले की तरह ऑफलाइन फीस भी कर सकेंगे। एचडीएफसी के जोनल हेड अरुण मेदीरत्ता ने कहा कि ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से स्टूडेंट कहीं भी बैठे-बैठे क्रेडिट कार्ड व डेबिट कार्ड से अपनी फीस जमा कर सकेंगे।