दिल्ली विश्वविद्यालय में तीन साल के स्नातक पाठ्यक्रम के लिए आई हाई कटऑफ ने इस बार दाखिलों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। हालांकि, एसआरसीसी में बीकॉम ऑनर्स और ईको ऑनर्स में धड़ाधड़ दाखिले हुए। पहले ही दिन एसआरसीसी कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स और ईको ऑनर्स की आधी से ज्यादा सीटें भर गईं।
वहीं, कंप्यूटर साइंस की 100 फीसदी कटऑफ निकालने वाले कॉलेजों को एक-दो छात्र ही मिले। अन्य कॉलेजों में हाई कटऑफ का असर ज्यादा देखने को मिला।
कैंपस कॉलेजों की बात करें तो पहले दिन आईपी, मिरांडा हाउस और हिंदू में छात्रों ने सोशियोलॉजी, राजनीति शास्त्र और इतिहास में काफी दाखिले लिए, जबकि बीकॉम और ईको की कटऑफ अधिक होने के चलते ज्यादातर कॉलेजों में इन कोर्स में दाखिले कम हुए।
नॉर्थ कैंपस के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में पहले दिन ही इकॉनॉमिक्स ऑनर्स की 123 सीटों में से 102 भर गईं, जबकि बीकॉम ऑनर्स की 501 सीटों में से 267 पर दाखिले हुए। प्रिंसिपल डॉ. पीसी जैन ने कहा कि पहली कटऑफ के दाखिलों के लिए अभी दो दिन बाकी है, लिहाजा तीन जुलाई तक ही कहा जा सकेगा कि आगे क्या स्थिति बनेगी।
वहीं रामलाल आनंद कॉलेज में पहले दिन महज 50 ही दाखिले हुए। प्रिंसिपल विजय कुमार शर्मा ने बताया कि लगभग 600 सीटों पर कुल 50 दाखिले हुए हैं। जबकि यहां कंप्यूटर साइंस की कट ऑफ 94-99 केबीच रहने के बाद भी एक भी दाखिला नहीं हुआ। इसी तरह हिंदी पत्रकारिता की 98 फीसदी कटऑफ पर कोई दाखिला नहीं हुआ।
यहां सबसे अधिक 10 दाखिले सांख्यिकी में हुए। डॉ. शर्मा ने कहा कि दूसरी कटऑफ में स्कोप बना रहे, लिहाजा कॉलेजों ने पहली कटऑफ थोड़ी हाई रखी है। ऐसे में छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है। दूसरी-तीसरी कटऑफ में मौका मिल सकता है।
इसके अलावा मिरांडा हाउस कॉलेज में पहले दिन कुल 180 तो हिंदू कॉलेज में 250 दाखिले हुए। हिंदू कॉलेज में इतिहास और राजनीति शास्त्र में दाखिले अधिक हुए। दयाल सिंह कॉलेज में बीकॉम, ईको ऑनर्स और राजनीति शास्त्र में दाखिले के लिए ज्यादा भीड़ रही।
वहीं, आचार्य नरेंद्र देव कॉलेज ने कंप्यूटर साइंस की कटऑफ 95-100 फीसदी रखी है। यहां इस कोर्स के लिए दो दाखिले हुए जबकि एआरएसडी कॉलेज में कंप्यूटर साइंस की कटऑफ 98-100 फीसदी तक गई। यहां साइंस का एक ही छात्र कंप्यूटर साइंस के लिए आया।
पहले दिन के दाखिलों की स्थिति:
कॉलेज--------कुल सीटें----पहले दिन भरी सीटें
श्रीराम कॉलेज
ऑफ कॉमर्स------624------369
हिंदू--------------752-------180
इंद्रप्रस्थ कॉलेज--961--------250
एआरएसडी कॉलेज--1138-----41
आचार्य नरेन्द्र
देव कालेज--------563-------26
रामलाल
आनंद कॉलेज------600-------50
दयाल सिंह कॉलेज--1406-----100
बीकॉम ऑनर्स में कम हुए दाखिले
बीकॉम ऑनर्स में ऊंची कटऑफ ने कई कॉलेजों में दाखिले की रफ्तार को रोक दिया है। जिस तरह बीते सालों में पहले दिन ही बीकॉम ऑनर्स को छात्र हाथों हाथ लेते थे वैसा इस बार अब तक नहीं हुआ है। हिंदू कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स में पहले दिन महज दस दाखिले हुए। वहीं दयाल सिंह कॉलेज में बीकॉम तीसरे नंबर पर रहा। इसी तरह से राम लाल आनंद कॉलेज में बीकॉम में महज छह दाखिले हुए।
तीसरी कटऑफ से मिलेगी राहत
जिस तरह से पहले दिन कॉलेजों में दाखिले हुए हैं, उससे साफ है कि बीते सालों से अनुभव लेते हुए कॉलेजों ने सेफ साइड लेते हुए कटऑफ को हाई रखा, जिससे कि सीटों से अधिक दाखिले न हों। इसका एक कारण कटऑफ आने के बाद भी आवेदन जारी रखना है। प्रिंसिपल मानकर चल रहे हैं कि दूसरी कटऑफ में तो मामूली राहत लेकिन तीसरी कटऑफ तक आते-आते अच्छी राहत मिल सकती है। ज्यादातर कॉलेजों में कटऑफ का स्तर 95 फीसदी से अधिक रहने के कारण अभिभावक और छात्र काफी मायूस नजर आए। सबकी जुबान पर एक ही सवाल था कि इतनी ऊंची कटऑफ पर कॉलेजों में दाखिला कैसे मिलेगा। हर साल कैंपस के कॉलेजों में बीते सालों में पहले दिन ही छात्रों का सैलाब उमड़ता आ था, लेकिन रामजस और एसआरसीसी सरीखे क़ॉलेजों में ही भीड़ देखने को मिली। अब छात्र दूसरी और तीसरी कटऑफ से राहत की उम्मीद करके चल रहे हैं।