एक साल से भी अधिक समय के बाद इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, लखनऊ को स्थायी निदेशक मिल गया है। डॉ. अजीत प्रसाद को आईआईएम का नया निदेशक बनाया गया है। वर्तमान में डॉ. प्रसाद मुम्बई के एसपी जैन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च में स्ट्रेटजी के प्रोफेसर हैं।
अपने 17 साल से अधिक के एकेडमिक कॅरिअर में डॉ. प्रसाद, यूनिवर्सिटी ऑफ ग्रीनविच- लंदन, आईआईएम रायपुर, समेत कई नामी संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। यूके, फ्रांस, नीदरलैंड, दुबई और सिंगापुर के संस्थानों में भी वे इंटरनेशनल फैकल्टी रोल पर हैं।
इसके अलावा वे पांच साल योजना आयोग और दो साल भारतीय स्टेट बैंक में भी रहे हैं। डॉ. प्रसाद मारूती सुजुकी, हीरो, हॉन्डा, अपोलो टायर्स, एलएंडटी, सेल, एचपीसीएल सहित कई पब्लिक सेक्टर व प्राइवेट संस्थानों में कंसलटेंट भी रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो डॉ. प्रसाद दिवाली के करीब यहां जॉइनिंग कर सकते हैं। डॉ. प्रसाद ने सेंट स्टीफेन्स कॉलेज से बीए ऑनर्स इन इकोनॉमिक्स के बाद दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से एमए इन थ्योरेटिकल स्टेटिस्टिक्स एंड इकॉनोमेट्रिक्स, दिल्ली के आईएमआई से पीजीडीएम इन इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की।