बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में दूरस्थ शिक्षा के तहत पांच विभागों में जल्द ही कोर्स शुरू हो सकते हैं।
यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों से अपने-अपने यहां दूरस्थ शिक्षा के तहत कोर्स चलाने के लिए प्रस्ताव मांगे गए थे।
इन विभागों ने सर्टिफिकेट, डिप्लोमा व डिग्री कोर्स चलाने के लिए प्रस्ताव भेजे हैं। सबसे ज्यादा प्रस्ताव सर्टिफिकेट कोर्सेज के हैं। फिलहाल अब एकेडमिक काउंसिल ने भी दूरस्थ शिक्षा के तहत पाठ्यक्रम चलाने को हरी झंडी दे दी है।
प्रस्ताव भेजने वालों में समाजशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान, मॉस कम्युनिकेशन और सांख्यिकी विभाग शामिल हैं। फिलहाल बीबीएयू प्रशासन को सर्वाधिक सर्टिफिकेट कोर्स चलाने के लिए प्रस्ताव मिले हैं।
इसके तहत छह महीने के सर्टिफिकेट कोर्स चलाए जाएंगे। बीबीएयू प्रशासन अभी इन सभी प्रस्तावों को रिव्यू करेगा।
बीबीएयू प्रशासन का जोर इस वक्त नए-नए कोर्स शुरू कर स्टूडेंट्स की संख्या बढ़ाना है।
इस शैक्षिक सत्र में बीबीएयू के कुलपति प्रो. आरसी सोबती ने इनोवेटिव कोर्स शुरू किए हैं, हालांकि अभी इसमें से कई कोर्स शुरू नहीं हुए हैं, लेकिन सभी कोर्स बेहतरीन ढंग से डिजाइन किए गए हैं।
बीबीएयू प्रशासन को भरोसा है कि आगे अधिक से अधिक स्टूडेंट इसका लाभ जरूर उठाएंगे। अब बीबीएयू प्रशासन दूरस्थ शिक्षा के तहत सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री कोर्स शुरू करके स्टूडेंट को अधिक से अधिक अपनी ओर खींचना चाहता है।
बीबीएयू में इस वक्त तीन हजार स्टूडेंट पढ़ रहे हैं। बीबीएयू में दूरस्थ शिक्षा पाठ्यक्रम के कोआर्डिनेटर डॉ. बीबी मलिक ने बताया कि आगे फैसला बीबीएयू के कुलपति के निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।