पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के डॉ.एचएस जज इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज एंड हॉस्पिटल में अगले शिक्षा सत्र से एमडीएस कोर्स शुरू हो सकता है। पीयू ने इस कोर्स को शुरू करने के लिए डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया (डीसीआई) से मंजूरी मांगी है।
डीसीआई की टीम इस साल के अंत तक इंस्टीट्यूट का निरीक्षण करने आएगी और इसके बाद अपनी रिपोर्ट देगी। इसी के आधार पर डीसीआई पीयू के डेंटल इंस्टीट्यूट को इस कोर्स को शुरू करने की मंजूरी देगी। पीयू के अधिकारियों का दावा है कि इंस्टीट्यूट इस कोर्स को शुरू करने के लिए सभी जरूरतों को पूरा करता है।
अभी इस इंस्टीट्यूट में सिर्फ बीडीएस कोर्स है और शहर के विद्यार्थियों को एमडीएस की पढ़ाई करने के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। ट्राइसिटी में अभी एमडीएस की पढ़ाई सिर्फ पीजीआई में ही होती है और यहां सीटें बहुत कम हैं। ऐसे में अगर इंस्टीट्यूट में एमडीएस कोर्स शुरू हो जाता है, तो इससे ट्राइसिटी के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
इंस्टीट्यूट में छह विषयों में एमडीएस कोर्स उपलब्ध होगा। डीसीआई की ओर से लगभग तीन साल पहले पीयू के डेंटल इंस्टीट्यूट को स्थाई मान्यता दी थी। इसके बाद से पीयू ने इंस्टीट्यूट में इस कोर्स को शुरू करने की तैयारी कर दी थी क्योंकि एमडीएस कोर्स शुरू करने के लिए इंस्टीट्यूट को डीसीआई की स्थाई मान्यता होना जरूरी है।
पीयू सिंडीकेट ने दो साल पहले ही डेंटल इंस्टीट्यूट में एमडीएस कोर्स शुरू करने की अनुमति दे दी थी। इसके बाद पीयू को एमडीएस कोर्स शुरू करने की औपचारिकताएं पूरा करने में समय लग गया। ध्यान रहे कि पीयू का डेंटल इंस्टीट्यूट वर्ष 2006 में शुरू हुआ था और यहां हर रोज 300 से ज्यादा मरीज आते हैं।