दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संगठन (डूसू) के उम्मीदवारों का संडे डोर टू डोर कैंपेन में बीता। डूसू चुनाव प्रचार में यह नया ट्रेंड देखने को मिला है कि आम चुनावों की तरह प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। पूरी दिल्ली तो नहीं, मगर उन्होंने डीयू के आसपास के इलाकों में रहने वाले छात्रों से वोट की अपील की।
छुट्टी का दिन होने के कारण कैंपस में छात्रों की अनुपस्थिति के बाद भी छात्र संगठनों ने प्रचार का मौका नहीं छोड़ा। रविवार को प्रत्याशी कैंपस के आसपास स्थित कॉलोनियों में पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं।
इस कड़ी में उन्होंने मुखर्जी नगर, क्रिश्चियन कॉलोनी, विजय नगर, भाई परमानंद कॉलोनी, ढका गांव, गांधी विहार, नेहरू विहार, इंदिरा विहार, हडसन लेन, हकीकत नगर और वजीराबाद गांव में प्रचार किया। छात्र संगठन इन इलाकों मेें समर्थकों के साथ पहुंचे।
इसके अलावा रविवार वाले दिन छात्र संगठनों ने डीयू के हॉस्टलों में भी वोट की अपील की। इसके साथ ही कैंपस के आसपास उन इलाकों में भी पहुंचे, जहां छात्रों का समूह इकट्ठा होता है। डूसू के लिए 12 सितंबर को मतदान होना है।
मतदान वाले दिन से एक दिन पहले चुनाव प्रचार बंद हो जाता है। उम्मीदवारों के पास प्रचार के लिए सिर्फ 10 सितंबर तक का मौका है। ऐसे में उम्मीदवार प्रचार के आखिरी दौर में छात्रों को जुड़ने का एक भी मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं।