डीएवी कॉलेज में एक बार फिर छात्रवृत्ति घोटाले का जिन्न बाहर आ गया है। कॉलेज से वर्ष 2005 से 2012 के बीच के छात्रवृत्ति का विवरण और अन्य रिकॉर्ड गायब है।
कॉलेज प्राचार्य की ओर से इस संबंध में एक शिकायत डालनवाला कोतवाली को भेजी गई है, जिसमें तत्कालीन लिपिक पीयूष भटनागर को आरोपी बताया गया है।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन की ओर से भेजी गई शिकायत के मुताबिक कॉलेज में एससी, एसटी और ओबीसी के छात्रों को छात्रवृत्ति वितरण का वर्ष 2005 से 2012(सात साल) के बीच का विवरण गायब है। शिकायत में उस वक्त कार्यरत लिपिक पीयूष भटनागर पर शक जताया गया है, जो कि सात जुलाई 2013 को रिटायर हो चुके हैं।
डालनवाला कोतवाल अनिल जोशी ने बताया कि उनके पास शिकायत आई है। उन्होंने करनपुर चौकी इंचार्ज को जांच सौंप दी है। कॉलेज से जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई साल पहले कॉलेज में 84 लाख रुपये की छात्रवृत्ति का रिकॉर्ड गायब होने का मामला प्रकाश में आया था।