हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश सरकार ने सीपीएमटी की तीसरी काउंसलिंग अगले आदेशों तक स्थगित कर दी है। यह जानकारी महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. वीएन त्रिपाठी ने दी।
उन्होंने बताया कि तीसरी काउंसलिंग 19 सितंबर से ही शुरू हो गई थी, लेकिन जैसे ही हाईकोर्ट के आदेशों की जानकारी हुई काउंसलिंग स्थगित कर दी गई। दरअसल, प्रदेश सरकार ने ऑल इंडिया प्री-मेडिकल टेस्ट के कोटे की खाली रह गईं सीटों को स्टेट कोटे में बदल लिया था।
इसी के बाद सरकार एमबीबीएस व बीडीएस में दाखिले के लिए तीसरी काउंसलिंग करा रही थी। इसी मामले में हाईकोर्ट में एक छात्र ने अपील की थी कि ऑल इंडिया कोटे की सीटों को स्टेट कोटे में बदलने के बजाय निचली मेरिट से ही भरा जाए।