सभी विश्वविद्यालयों और कालेजों को अपने यहां स्टूडेंट्स काउंसिलिंग सिस्टम विकसित करना होगा। इसके तहत उन सभी छात्रों की काउंसिलिंग करानी होगी जो किसी कारणवश तनाव में चले जाते हैं।
हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या के बाद विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सभी विश्वविद्यालयों और कालेजों को इस संबंध में निर्देश जारी किये हैं। यूजीसी ने सभी छात्रों को बराबरी का हक दिलाने के लिए ईओसी सिस्टम भी लागू करने को कहा है।
यूजीसी ने जारी किया ई-मेल
यूजीसी के सचिव डॉ. जसपाल एस संधू की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक विश्वविद्यालयों को छात्रहित में स्टूडेंट्स काउंसिलिंग सिस्टम डेवलप करना होगा। इसके तहत हर साल 25 ऐसे छात्रों की टीम तैयार की जाएगी जोकि इंटलेक्चुअल की श्रेणी में आती होगी। उनके साथ शिक्षक और अभिभावक भी जोड़े जाएंगे।
यूजीसी की ई-मेल आईडी : counselingcentre.ugc@gmail.com
इनका काम ऐसे छात्रों पर नजर रखना होगा जो किसी कारणवश तनाव में आ जाता है। छात्रों की समस्या को जानने के लिए यूजीसी ने एक ई-मेल भी जारी किया है। छात्र चाहें तो अपनी समस्या इस पर ई-मेल कर सकते हैं, ताकि समय रहते उन्हें तनाव से बाहर निकाला जा सके।
ईओसी खोलने के भी निर्देश
यूजीसी की ओर से सभी विवि के कुलपतियों को जारी पत्र के मुताबिक देश के कई शिक्षण संस्थानों में जातिवाद होने की वजह से आरक्षित वर्ग के छात्र सभी लाभों से वंचित हो जाते हैं। ऐसे में छात्रों को बराबरी का हक दिलाने के लिए सभी विवि को इक्वल ऑपुर्चुनिटी सेंटर (ईओसी) खोलने के निर्देश जारी किए गए हैं। 15 दिन के भीतर सभी विवि को ईओसी की डिटेल यूजीसी को भेजनी होगी।