रिजल्ट देखने के बाद मार्कशीट में गलती नजर आए तो विवि के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। बस एक ईमेल करना होगा और आपकी समस्या का समाधान।
छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही यह सुविधा
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि की यह सुविधा छात्रों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है। इसके तहत छात्र अपनी किसी भी समस्या के लिए विवि को ईमेल कर सकता है।
दून पहुंचे श्रीदेव सुमन विवि कुलपति डॉ. यूएस रावत ने बताया कि पहले एक ईमेल एड्रेस था, लेकिन उस पर छात्रों को परेशानी हो रही थी। चूंकि विवि 60 हजार से ज्यादा छात्रों की प्राइवेट और करीब 15 हजार छात्रों की रेगुलर परीक्षा कराता है, इसलिए गलतियां भी संभावित हैं।
मार्कशीट की गलती के लिए नया ईमेल शुरू किया है। अन्य विश्वविद्यालयों की अपेक्षा उनका ईमेल तुरंत रिस्पांस देता है। मसलन, मार्कशीट में गलती मिलने पर एक एप्लीकेशन के साथ मार्कशीट की फोटो आईडी पर भेजनी होगी। विवि उसे तुरंत रिस्पांस देने के साथ मामले को रिकॉर्ड में शामिल कर त्रुटि सुधार देगा।
अगर किसी छात्र को मार्कशीट की इमरजेंसी में जरूरत है तो भी विवि को ईमेल करें, विवि तुरंत मार्कशीट की स्कैन कॉपी ईमेल कर देगा।
यहां करें ईमेल : sdsuv123@gmail.com
यहां देखें अपडेट : www.sdsuv.ac.in
प्राइवेट फॉर्म जनवरी तक
कुलपति डॉ. यूएस रावत ने बताया कि प्राइवेट परीक्षा फॉर्म जनवरी के पहले हफ्ते तक आ जाएंगे। फिलहाल बैक परीक्षा का मूल्यांकन शुरू है। 15 दिसंबर तक रिजल्ट जारी हो जाएगा।
विवि से जुड़ेंगे 35 नए कॉलेज
श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध कॉलेजों की संख्या 78 पहुंच चुकी है। विवि से जल्द बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएससी एग्रीकल्चर, हॉर्टिकल्चर, हिस्ट्री, एमए, एमएससी जैसे कोर्स कराने वाले 35 नए कॉलेज संबद्ध हो जाएंगे। इंस्पेक्शन के बाद फाइल शासन और राजभवन भेजी जा चुकी है।