भातखण्डे संगीत सम विश्वविद्यालय का तीसरा दीक्षांत समारोह 21
दिसंबर से शुरू होगा, जिसे पद्मविभूषण पं. हरिप्रसाद चौरसिया बांसुरी की
कर्णप्रिय प्रस्तुतियों से यादगार बनाएंगे।
दो दिवसीय समारोह में मेधावियों
को सम्मानित भी किया जाएगा। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी कमलेश दुबे
ने सोमवार को प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।
उन्होंने
बताया कि समारोह का आगाज लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में होगा।
दूसरे दिन मुक्ताकाशी मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जहां कॉलेज
के छात्र-छात्राएं सरस्वती वंदना व महाकवि कालिदास की रचनाओं पर आधारित
‘ऋतु मंडनम’ पर नृत्य प्रस्तुति देंगी।
इसके अलावा एमपीए व बीपीए में पहले,
दूसरे व तीसरे स्थान पर आने वाले छात्र-छात्राओं को विभिन्न श्रेणी के
मेडल दिए जाएंगे। एमपीए छात्र आसबर्ट विश्वास लायल को सर्वाधिक मेडल
मिलेंगे।
उन्हें राय उमानाथ बली स्वर्ण पदक, पुतलीबाई स्मृति स्वर्ण पदक और
पं. सखाराम मृदंगाचार्य स्वर्ण पदक दिया जाएगा।