दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई का कंधा मजबूत करने के लिए छात्र राजनीति के पुराने दिग्गजों ने मोर्चा संभाल लिया है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बृहस्पतिवार को डूसू चुनाव को लेकर दोपहर 2 बजे से बैठकों का दौर चलेगा।
समन्वय की जिम्मेदारी पूर्व विधायक व छात्र संघ के अध्यक्ष रहे हरिशंकर गुप्ता, पूर्व विधायक कंवर करण सिंह और युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कमलकांत शर्मा को सौंपी गई है।
पढ़ें-डीयू: छात्र संघ चुनाव के नामांकन खत्म
बैठक में शुरुआत में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशी, एमसीडी चुनाव लड़ने वाले हारे प्रत्याशी और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की बैठक से होगी। फिर छात्र राजनीति के पुराने दिग्गज और अंत में महिला कांग्रेस की बैठक में छात्र संघ चुनाव जीतने का मंत्र दिया जाएगा।
वहीं, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष सिविक सेंटर में पार्षदों की बैठक लेंगे। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हार का असर छात्र संघ चुनाव की तैयारियों में देखने को मिल रहा है।
नामांकन की आखिरी तारीख निकल गई, लेकिन अभी तक विधानसभा या जिला स्तर पर बैठकें नहीं हुईं। यही वजह है कि फिर से बैठक बुलाकर कम से कम विधानसभा स्तर पर एक बैठक करने के लिए कहा जाएगा।