राजधानी दून के पीजी कॉलेजों में रक्षाबंधन से एक दिन पहले राखी भी चुनावी रंग में रंगी नजर आई। छात्र नेताओं ने छात्राओं से वोट मांगा तो छात्राओं ने बदले में राखी बांध दी।
चुनावी रंग में रंगे रक्षाबंधन में छात्राओं ने वोट देने का वादा किया तो छात्र नेताओं ने उनके हितों की रक्षा का वचन दिया।
राखी बांधने का सिलसिला
डीबीएस पीजी कॉलेज में एनएसयूआई के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अजय सिंह सुंद्रियाल के हाथ पर सुबह से ही राखी बांधने का सिलसिला जारी रहा।
अजय को दिनभर में कम से कम 50 छात्राओं ने राखी बांधकर रक्षाबंधन की बधाई दी। अजय ने बताया कि वह सभी छात्र और छात्राओं के हितों की रक्षा के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
हितों की रक्षा का वचन
इसलिए उन्होंने स्नेह की डोर के बदले में छात्राओं को भी उनके हितों की रक्षा का वचन दिया। एसजीआरआर पीजी कॉलेज में एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद के दावेदार विपिन जोशी को भी छात्राओं ने राखी बांधी।
विपिन ने अपने पूरे कार्यकर्ताओं के साथ राखियां बंधवाई। विपिन ने बताया कि उन्होंने बदले में छात्राओं की सभी कॉलेज से संबंधित समस्याओं के निदान का भरोसा दिलाया है। कई अन्य प्रत्याशी भी रक्षाबंधन पर छात्राओं से राखी बंधवाते नजर आए।