फरीदाबाद में नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही के कारण सेक्टर-10 स्थित सरकारी स्कूल में सीवर का गंदा पानी भरा हुआ है। शिक्षकों की शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
अब स्कूल प्रशासन ने बीमारियां फैलने का खतरा जताकर नगर निगम की संयुक्त आयुक्त से पानी निकालने की अपील की है।
सरकारी मिडिल स्कूल में काफी दिनों से सीवर का गंदा पानी भरा है। गंदगी और बदबू से विद्यार्थियों व शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी जमा होने से उसमें मच्छर पैदा हो गए हैं, जिससे मलेरिया फैलने का खतरा बना हुआ है।
पढ़ें: हॉस्टल की छत से गिरकर कश्मीरी छात्र की मौत
मानव सेवा समिति के मिशन समाधान कंट्रोल रूम सेक्टर-10 के माध्यम से 28 फरवरी को नगर निगम के संयुक्त आयुक्त को शिकायत भेजी गई थी, जिसे डायरी नंबर 1400 के साथ दर्ज कराया गया। उसके बावजूद आज तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
सीवर का पानी अभी भी जमा है। गंदगी व बदबू से वहां पर बुरा हाल है। शुक्रवार को मुख्य अध्यापिका आदेश अग्रवाल की ओर से नगर निगम से फिर अपील की गई है कि विद्यार्थियों व अध्यापकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए सीवर के गंदे पानी को निकाला जाए।