केंद्रीय विद्यालयों में नए सत्र के दाखिलों का शंखनाद आठ फरवरी से होने जा रहा है। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने तिथियां जारी कर दी हैं।
दून में 11 केंद्रीय विद्यालयों की कक्षा एक की कुल 1120 सीटों पर दाखिले का मौका मिलेगा। सभी केवि से पंजीकरण फॉर्म मुफ्त में लिए जा सकते हैं। केविएस के उपायुक्त सोमित श्रीवास्तव के मुताबिक संभाग के सभी केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा एक के लिए पंजीकरण फॉर्म आठ फरवरी से मिलेंगे। 10 मार्च की शाम पांच बजे तक पंजीकरण फॉर्म भरकर संबंधित केवि में जमा कराया जा सकता है।
कक्षा दो या इससे ऊपर की कक्षाओं(कक्षा 11 को छोड़कर) के पंजीकरण फॉर्म चार अप्रैल 2016 से मिलने शुरू होंगे। यह पंजीकरण फॉर्म 18 अप्रैल की शाम पांच बजे तक जमा कराए जा सकते हैं। दून के 11 केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा एक की 1120 सीटों पर दाखिले का मौका मिलेगा। इस साल केवि अपर कैंप में सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 हो गई है।
किस केवि में कितनी सीटें
केंद्रीय विद्यालय - सीटों की संख्या
ओएफडी - 120
ओएलएफ - 80
आईआईपी - 40
आईटीबीपी - 120
ओएनजीसी - 80
एफआरआई - 80
आईएमए - 160
बीरपुर - 120
अपर कैंप - 120
हाथी बड़कला2 - 80
हाथी बड़कला1 - 120
इनका रखें ख्याल
- आरक्षित श्रेणी का लाभ लेने वाले अभिभावक फार्म के साथ जाति प्रमाण पत्र की सत्यापित प्रतिलिपी संलग्न करें।
- नोन क्रीमि लेयर का लाभ लेने के लिए डीएम द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र जरूर संलग्न करें।
- आरटीई का लाभ लेने वाले बीपीएल आवेदक राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित बीपीएल कार्ड की फोटोकॉपी संलग्न करें।
इन नियमों के तहत होंगे दाखिले
लॉटरी प्रक्रिया : इस नियम का इस्तेमाल वरीयता क्रम निर्धारित होने के बावजूद ज्यादा आवेदक होने पर किया जाता है। एक डिब्बे से भाग्यशाली नाम निकालकर चयन किया जाता है।
दूरी का नियम : एक सीट पर ज्यादा दावेदार होने की सूरत में केंद्रीय विद्यालय के निकटतम दावेदार को वरीयता दी जाती है।
उम्र का नियम : इसके तहत एक सीट पर एक से ज्यादा दावेदार होने पर उस अभ्यर्थी को वरीयता दी जाएगी, जो कि प्रमाण पत्रों में दी गई जन्मतिथि के मुताबिक ज्यादा उम्र का होगा।
इकलौती कन्या संतान नियम : इसके तहत हर केंद्रीय विद्यालय में दो सीटें उन बच्चों के लिए आरक्षित रखी जाती हैं, जो कि अभिभावकों की इकलौती कन्या संतान हों। इसका लाभ लेने के लिए अभिभावकों को शपथ पत्र देना होगा।
यह कागज देने होंगे
कक्षा एक में बच्चों को दाखिला दिलाने के लिए आयु के प्रमाण हेतु बर्थ सर्टिफिकेट, पते का प्रमाण सहित यदि वह किसी केंद्रीय, राज्य विभाग में कार्यरत है तो उसका भी प्रमाण देना होगा। ट्रांसफर के मामले की जानकारी भी विभाग के लेटर हेड पर देनी होगी।
यह है वेबसाइट : www.kvsangathan.nic.in