परीक्षा केंद्र पर स्वकेंद्र सुविधा का लाभ ले रही छात्राओं को नकल कराने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने जांच का आदेश दिया हैं।
मुख्यमंत्री के पास नकल की शिकायत परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने वाली दूसरी कॉलेज की एक छात्रा ने की है।
छात्रा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कराने के लिए जिला अधिकारी को निर्देश दिया है।
जिला अधिकारी की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर पर मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। यूपी बोर्ड परीक्षा इस बार लखनऊ के 159 परीक्षा केंद्रों पर हुई थी।
परीक्षा के दौरान लखनऊ मॉडल पब्लिक इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। यहां पर एसबीएन इंटर कॉलेज, चेतना पब्लिक इंटर कॉलेज एकता नगर बालागंज, न्यू लखनऊ मांटेसरी हायर सेकेंडरी स्कूल का सेंटर पड़ा था।
यूपी बोर्ड नियमों के अनुसार कॉलेज में परीक्षा केंद्र बनने पर वहां की छात्राओं को स्वकेंद्र का लाभ मिलता है दूसरी ओर, छात्रों का सेंटर दूसरी जगह भेजा जाता है।
राजाजीपुरम स्थित लखनऊ मॉडल पब्लिक इंटर कॉलेज के खिलाफ एक छात्रा ने मुख्यमंत्री के यहां शिकायत दर्ज कराई है।
अपने शिकायती पत्र में छात्रा का आरोप है कि परीक्षा केंद्र पर दूसरे कॉलेज की छात्राओं को एक साथ और लखनऊ मॉडल पब्लिक इंटर कॉलेज की छात्राओं को अलग कमरे में बिठाया जाता था।
परीक्षा के दौरान छात्राओं से नकल कराने के लिए पैसे की मांग की जाती थी। इतना ही नहीं, स्वकेंद्र सुविधा का लाभ ले रही छात्राओं को तय समय के बीतने के बाद तक पेपर हल करने दिया जाता था।
जबकि बाहर की छात्राओं से कॉपियां तुरंत ले ली जाती थीं। इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से पत्रांक नंबर 30856/ ओएसडी मुख्यमंत्री/27 मार्च-2014 की ओर से जिला अधिकारी को मामले की जांच के लिए कहा गया।
जिला अधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को मामले की जांच के निर्देशित किया है।
अंग्रेजी के पेपर में पकड़ी गई थीं पांच छात्राएं
लखनऊ मॉडल पब्लिक इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट अंग्रेजी के पेपर में नकल करते हुए पांच छात्राओं को पकड़ा गया था।
केमेस्ट्री के पेपर में सीटिंग प्लान और नकल की आशंका में उड़ाका दल ने पूरे तीन घंटे बैठकर पेपर कराया था। इस मामले में कितनी सच्चाई यह तो जांच पूरी होने के बाद ही साबित होगा।
वहीं मॉडल पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक अवधेश सिंह ने कहा किमुख्यमंत्री के यहां शिकायती साजिशन की गई है। किसी छात्रा के बजाय यह हरकत उन कॉलेजों में से किसी एक की है।
जिसका हमारे यहां सेंटर आया था। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की नकल नहीं हुई है। जांच में इस बात की पुष्टि हो जाएगी।